बंगाल चुनाव की तर्ज पर अलीगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं ने “खेला होई” के लगाए होर्डिंग्स
अलीगढ़| यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाना शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी पश्चिम बंगाल मॉडल की तर्ज पर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रही है. इसी क्रम में शनिवार को अलीगढ़ में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंगाल चुनाव में मशहूर हुआ स्लोगन “खेला होई” के पोस्टर चस्पा किए है. इससे पहले कानपुर और लखनऊ में भी ऐसे बैनर और होर्डिंग्स देखने को मिले थे.

अलीगढ़ में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशाक ने भी अपने कार्यालय के बाहर कुछ ऐसे ही बैनर लगा दिया है. जिससे साफ है कि यूपी विधनसभा के आगामी चुनाव में भी बंगाल चुनाव का असर दिखेगा. अज्जू इशाक ने बैनर लगाने पर कहा कि इसका उद्देश्य नहीं है, यह संदेश है कि जिस तरह बंगाल के अंदर इनको, भाजपा के लोगों को 2021 के चुनाव हुए हैं उसमें हार का सामना करना पड़ा है. उसी तरह से 2022 के चुनाव में भी उनके लिए संदेश है.
उन्होंने कहा कि 2022 के अंदर पिछड़ी जाति और समस्त नौजवान और बेरोजगार उत्तर प्रदेश के अंदर माननीय अखिलेश यादव की सरकार बनाने का काम करेंगे और भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेंगे. सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कहते है कि बंगाल की तरफ भाजपा का खेल यूपी में भी खोला जाएगा. सपा के कार्यकाल में हुए कार्यों को भाजपा अपना बताकर श्रेय लूट रही है. इसको जनता को बताया जाएगा.
क्या है होर्डिंग में…
शहर में लगीं होर्डिंग्स में लिखा है कि – ‘अब यूपी में खेला होई.’ एक तरफ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की फोटो लगी है. वहीं, दूसरी पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशाक की फोटो लगाई गई है. होर्डिंग के मध्य में सपा का चुनाव चिह्न साइकिल है. इसमें लिखा हुआ है ‘2022 में बाइसिकल.‘