जाले उच्च माध्यमिक विद्यालय के गेट में सटा बिजली का तार; 9 छात्र गंभीर रूप से झुलसे
दरभंगा |दरभंगा के जाले में उच्च माध्यमिक विद्यालय में करंट लगने से एक छात्रा की मौत हो गई जबकि नौ अन्य छात्र झुलस गए। झुलसे छात्रों को जाले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद जाले BDO और CO घटनास्थल पर पहुंचे जहां उनको भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।


स्कूल के लोहे के गेट में बिजली का तार सट गया जिसकी वजह से वहां करंट दौड़ गया और उसमें कक्षा एक की छात्रा 8 वर्षीय चंचल कुमारी (पिता भरत झा) के स्पर्श करने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतनी तेजी से फैला कि इसमें स्कूल के 9 अन्य छात्र घायल हो गए। घायल छात्रों को आनन-फानन में जाले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। इसमें कुछ छात्रों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही की वजह से यह घटना हुई है। घटना की सूचना के बाद जाले के BDO और CO मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें भी घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। इस संबंध में जिला प्रशासन या पुलिस के किसी अधिकारी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।