बड़ी ख़बर

 नमक की जगह मिलाया मिड डे मिल में सर्फ: 24 से अधिक स्कूली बच्चों की बिगड़ी तबीयत

सर्फ और नमक एक जगह रखने से हुआ हादसा

नालंदा (बिहार): जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय परासी में मंगलवार को मिड डे मील (MDM) के दौरान घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। भोजन करने के कुछ ही देर बाद दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और उल्टी होने की शिकायत की, जिससे पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने आनन-फानन में बीमार बच्चों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनका उपचार कर रही है। सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों की स्थिति का जायजा लिया और सभी बच्चों को खतरे से बाहर बताया है।

विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह ने घटना के कारणों का खुलासा करते हुये जानकारी दिया। स्कूल में मिड डे मील की आपूर्ति पास के एक एनजीओ द्वारा की जाती है। मंगलवार को मेन्यू के अनुसार बच्चों को सोयाबीन-चावल परोसा गया था। खाना खाते समय जब कुछ बच्चों ने नमक कम होने की बात कही, तो रसोइये ने पास में ही रखे डिटर्जेंट पाउडर (सर्फ) के डिब्बे को गलती से नमक समझ लिया। रसोइये ने खाने में नमक के बदले सर्फ डाल दिया और वही भोजन दोबारा बच्चों को परोस दिया, जिसे खाते ही बच्चे बीमार पड़ने लगे।

विषाक्त भोजन करने के कुछ ही मिनटों के भीतर बच्चों की हालत बिगड़ने लगी शिक्षकों ने तुरंत स्कूल में प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति गंभीर होते देख तुरंत अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में प्रीति कुमारी, आयुषी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, नीतू कुमारी, शिवानी कुमारी, चांदनी कुमारी, सजनी कुमारी, सुहानी, अनु कुमारी, राखी कुमारी, वैष्णवी कुमारी सहित दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं का सघन उपचार चल रहा है।