बड़ी ख़बर

मैहर के पार्षदों ने अशोक चक्र स्तंभ के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर निगम को सौंपा आवेदन

जेल चौक तिराहा कटनी रोड मैहर पर पूर्व में स्थापित स्तंभ हटाए जाने के बाद पार्षदों ने उठाए सवाल, शीघ्र निर्माण कराने की मांग

मैहर [ दबंग प्रहरी समाचार ]। नगर पालिका परिषद मैहर क्षेत्र के जेल चौक तिराहा, कटनी रोड पर पूर्व में स्थापित राष्ट्रीय अशोक चक्र स्तंभ के पुनर्निर्माण को लेकर नगर के पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में स्तंभ का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराए जाने की मांग की गई है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जेल चौक तिराहा पर राष्ट्रीय अशोक चक्र स्तंभ पूर्व से स्थापित था। नगर पालिका परिषद मैहर द्वारा तिराहे के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के साथ स्तंभ को पुनः स्थापित किए जाने की बात कही गई थी। आवेदन में नगर पालिका परिषद मैहर के पत्र क्रमांक 2439, दिनांक 25 जनवरी 2024 के कार्यादेश का भी संदर्भ दिया गया है।पार्षदों का कहना है कि स्तंभ हटाए जाने के बाद उसके पुनर्निर्माण को लेकर पूर्व में भी ज्ञापन एवं धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। आवेदन में संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य लंबित रहने की बात कही गई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

राष्ट्रीय प्रतीक के सम्मान का दिया हवाला

पार्षदों ने आवेदन में कहा है कि राष्ट्रीय अशोक चक्र स्तंभ का पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जेल चौक तिराहा पर स्तंभ को पुनः निर्मित एवं स्थापित कराने की मांग की है। इस आवेदन पर नगर पालिका परिषद मैहर के कई पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। पार्षदों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए लंबित निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।