बड़ी ख़बर

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रेडियोग्राफर को किया तत्काल प्रभाव से निलंबित

सतना |  जिला चिकित्सालय सतना के  कायाकल्प अभियान अंतर्गत राज्य स्तरीय दल के निरीक्षण भ्रमण के दौरान मूल्यांकन दल से अमर्यादित व्यवहार करने और शासकीय कार्य में उदासीनता बरतने पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिला चिकित्सालय के रेडियोग्राफर शिवनरेश गर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कायाकल्प अभियान के निरीक्षण, मूल्यांकन पर आये राज्य स्तरीय दल के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान सभी अधिकारी, कमर्चारी को पूरी तैयारी के साथ कर्तव्य स्थ्ल पर रहने के निर्देश थे। रेडियोग्राफर शिवनरेश गर्ग को रेडियोलॉजी के सभी तकनीकी कर्मचारियों के साथ अपने कर्तव्य एवं क्वालिटी से संबंधित कायाकल्प, एनक्यूएएस कार्य को व्यवस्थित रखते हुये उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये थे। अपर संचालक एनएचएम के नेतृत्व में राज्य स्तरीय दल द्वारा गर्ग रेडियोग्राफर से क्वालिटी से संबंधित पूंछे गये प्रश्नों का उत्तर समाधानपूर्वक नहीं देते हुये रेडियोग्राफर द्वारा अन्य टेक्नीशियन को जिम्मेदार बताया गया तथा मूल्यांकन दल से अमर्यादित तरीके से बातचीत की गई। रेडियोग्राफर शिवनरेश गर्ग के इस कृत्य से जिला चिकित्सालय की छवि धूमिल हुई और नकारात्मक प्रभाव भी पड़ा। शिवनरेश गर्ग के विरूद्ध मरीजों और उनके परिजनों द्वारा व्यवहार और कार्यप्रणाली की शिकायतें भी प्राप्त होती रहती है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रेडियोग्राफर के आचरण को कर्तव्यपरायणता के प्रतिकूल और अनुशासनहीनता मानते हुये कर्तव्य में उदासीनता बरतने एवं सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।निलंबन के दौरान संबंधित कर्मचारी का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवराजनगर नियत किया गया है।