बड़ी ख़बर

चार भारतीय खिलाड़ियों को आल-टाइम ODI प्लेइंग XI में शान टैट ने दी जगह

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शान टैट ने अपनी पसंदीदा आल-टाइम वनडे प्लेइंग इलेवन का चयन किया। दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में शुमार किए जाने वाले टैट ने अपनी टीम में चार भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया जबकि दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भी इसमें जगह दी। उन्होंने अपनी टीम में विवियन रिचर्ड्स को जगह नहीं दी जिन्हें दुनिया के खतरनाक वनडे बल्लेबाजों में शुमार किया जाता है। वहीं उन्होंने अपनी टीम में ब्रायन लारा को जगह दी जिन्हें टेस्ट का शानदार खिलाड़ी माना जाता था।

शान टैट ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए अपनी इस टीम का चयन किया। उन्होंने अपनी टीम में बतौर ओपनर बल्लेबाज भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का चयन किया। ये दोनों बल्लेबाज अपनी विस्फोटक पारियां और शॉट्स खेलने के लिए जाने जाते हैं। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उन्होंने कंगारू टीम के पूर्व व बेहद सफल कप्तान रिकी पोंटिंग को शामिल किया। वहीं चौथे नंबर पर सचिन तेंदुलकर को उन्होंने रखा जो वनडे में भारत के लिए ओपन किया करते थे। सचिन का इस स्थान पर रखना थोड़ा हैरान करता है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में वो इस नंबर पर बल्लेबाजी किया करते थे।

अपनी टीम में बल्लेबाजी के लिए उन्होंने पांचवें क्रम पर ब्रायन लारा को रखा जबकि विराट कोहली को उन्होंने बल्लेबाजी के लिए अपनी टीम में छठे क्रम पर रखा। कोहली भारत के लिए वनडे में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। यही नहीं उन्होंने धौनी को बल्लेबाजी क्रम में सातवें नंबर पर रखा। शान टैट ने अपनी टीम में बतौर ओपनर शेन वार्न को शामिल किया तो वहीं अपनी टीम में तीन तेज गेंदबाजों को शामिल किया। उन्होंने इस टीम में पाकिस्तान के पूर्व दो तेज गेंदबाज वसीम अकरम और शोएब अख्तर को टीम में जगह दी तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा को भी टीम में जगह दी।