बड़ी ख़बर

बिहार पुलिस को छोटी-बड़ी गाड़ियों के नीतीश सरकार ने दिये 33 करोड़ रुपये

दिल्ली पुलिस की तरह अब बिहार पुलिस भी अर्टिगा और बोलेरो समेत 681लग्जरी गाड़ियों से गश्त लगाती दिखेगी

पटना |दिल्ली पुलिस की तरह बिहार पुलिस भी लग्जरी गाड़ियों में शामिल अर्टिगा पर गश्त करती नजर आएगी। पहली बार बिहार पुलिस के लिए इस गाड़ी की खरीद की गई है। फिलहाल राज्य के शहरी थानों को यह गाड़ी दी जाएगी। अर्टिगा के अलावा पुलिस के लिए बोलेरो भी खरीदी गई हैं। वहीं 300 से अधिक मोटरसाइकिल भी जिला पुलिस को मिलनेवाली है।   

टाउन थाना को दी जाएगी यह गाड़ी
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल 80 अर्टिगा की खरीद हुई है। राज्य में 40 पुलिस जिला हैं। ये गाड़ी सभी जिलों के टाउन थाने को दी जाएगी। फिलहाल एक थाना को 2-2 अर्टिगा देने की तैयारी है। भविष्य में यदि ऐसी और भी गाड़ियां खरीदी जाती हैं तो उसे शहर के दूसरे थानों को दिया जाएगा। इसके अलावा करीब 300 बोलेरो की खरीद हुई। ये गाड़ियां भी जिला पुलिस को मिलेगी।

681 छोटी-बड़ी गाड़ियां खरीदी गईं
बिहार पुलिस ने 681 छोटी-बड़ी गाड़ियां खरीदी हैं। इनमें 379 चारपहिया शामिल हैं। इस श्रेणी में एलएमवी गाड़ियों की खरीद की गई है। इसके अलावा 302 अपाचे मोटरइकिल भी बिहार पुलिस को मिल गई हैं। ये गाड़ियां जिला पुलिस को दी जाएंगी और वहां से इसे थानों को भेजा जाएगा। वाहन खरीद के लिए राज्य सरकार द्वारा पुलिस को 33.03 करोड़ रुपए दिए गए थे।

रद्दीकरण के विरुद्ध हो रही खरीद
रद्द घोषित की गई गाड़ियों की जगह ये 681 वाहन खरीदे गए हैं। पिछले वर्ष गृह विभाग के आदेश पर पुरानी पड़ चुकी गाड़ियों की जांच कराई गई थी। जो गाड़ियां मरम्मत के लायक थीं, उन्हें रिपेयर करवाया गया और जो एकदम बेकार थी, उन्हें रद्दीकरण में डाल दिया गया। इन्हीं रद्द गाड़ियों की जगह नए वाहन खरीदने के आदेश दिए गए थे।