डोंगरगांव। नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शुक्रवार को आग लगने से वहां रखी चार मोटर साइकिलें जलकर खाक हो गई। चारों मोटर साइकिलें दुकान में काम करने वाले सेल्समेन व गार्ड की बताई गई है। अंग्रेजी शराब दुकान के मैनेजर गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर लगभग दो बजे दुकान के पीछे रखे बाइक एवं खाली पुट्ठों के बाक्स से धुंआ निकलते दिखा, जाकर देखने पर पता चला की वहां बाइक में आग लग गई और वहां रखे बाक्स भी जल रहे हैं। उसी समय देखते ही देखते आग दूसरी गाड़ियों में फैल गई और इसी दौरान एक बाइक में ब्लास्ट हो गया।

आग लगने के बाद कर्मचारियों ने बोर से पानी लाकर आग बुझाया। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग एवं संबंधित उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई। कर्मचारियों ने बताया कि दुकान में काम करने वाले सेल्स मेन लालचंद यादव, अमित देवांगन, रूपेंद्र साहू, गार्ड सुरेन्द्र रावटे की मोटर साइकिल जलने से खाक हो गई है। आग कैसे लगी इसका पता नहीं लग पाया है। दुकान के अंदर आग नहीं पहुंच पाई इससे पहले ही आग पर कर्मचारियों द्वारा काबू पा लिया गया।