मेडिकल कालेज की कार्यकारी समिति की बैठक संपन्न कहा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए जी ज़रूरी हो करें
रीवा|मेडिकल कालेज सभागार में मेडिकल कालेज कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कमिश्नर अनिल सुचारी ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों को तत्परता से लागू कराएं। बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन प्रतिवेदन आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के विभिन्न विभागों की मांग के अनुसार गत वर्ष राशि प्रदान की गई। इनका पूरी तरह से उपयोग नहीं किया गया है। आवंटित राशि का शत-प्रतिशत उपयोग करने के बाद ही नवीन राशि की मांग करें। संजय गांधी हास्पिटल तथा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में पेयजल व्यवस्था एवं वाटर कूलरों के सुधार का कार्य तत्काल कराएं।
कमिश्नर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर नियमित रूप से अस्पताल भवनों का निरीक्षण करें। इनमें पेयजल, बिजली की आपूर्ति आदि से संबंधित छोटे-मोटे सुधार कार्य तत्काल कराएं। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग ईएण्डएम स्वीकृत 75 पंखे तत्काल लगवाएं। कमिश्नर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में समुचित ध्यान न देने के लिए अस्पताल मैनेजर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण विभाग को निविदाओं के संबंध में तत्परता से कार्यवाही करने तथा स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।बैठक में कमिश्नर ने कहा कि समिति द्वारा जिन कार्यों के लिए राशि मंजूर की जाती है उनके पूरा होने पर पूरा विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। एमआरआई जांच के लिए निजी संस्था को तीन करोड़ 22 लाख रुपए के भुगतानका प्रस्ताव है। पूर्व में 50 लाख रुपए के भुगतान की मंजूरी दी गई थी। संस्था द्वारा एमआरआई कराने वाले रोगियों की संख्या तथा अन्य जांचों के विवरण के साथ भुगतान का प्रस्ताव प्रस्तुत करें। आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित बजट प्रावधानों तथा गत वर्ष किए गए व्यय को आमसभा की बैठक में मंजूरी के लिए प्रस्तुत करें।
बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए समिति जो निर्णय लेती है उसे संवेदनशीलता से लागू करें। रोगियों को बेहतर उपचार सेवाएं देने के लिए आवश्यक सभी उपकरणों तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों का पालन करते हुए उपचार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में उप सचिव स्वास्थ्य श्री केके दुबे ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में दी जा रही बेहतर उपचार सुविधाओं का लगातार प्रचार-प्रसार करें। अस्पताल की आय तथा व्यय में संतुलन बनाकर रखें। चिकित्सा कर्मचारियों की भर्ती, प्रतिनियुक्ति तथा आउटसोर्सिंग करते समय स्वीकृत पदों एवं रोस्टर का पूरी तरह से पालन करें।
बैठक में संजय गांधी हास्पिटल तथा सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के विभिन्न विभागों में चिकित्सा उपकरणों, दवाओं, फर्नीचर, डिजिटल एक्सरे फिल्म, स्टेशनरी तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों के क्रय को मंजूरी दी गई। आउटसोर्स से अस्पताल में कार्य करने वाली एजेंसियों के लंबित बिलों के भुगतान को भी मंजूरी दी गई। बैठक में कमिश्नर ने निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कार्य के निविदा की तिथि, कार्य स्वीकृति आदेश की तिथि तथा कार्य पूरा होने की तिथि का स्पष्ट उल्लेख करें। बैठक में वार्ड ब्वायॅ तथा नर्सों की भर्ती, लंबित पेंशन प्रकरण, अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने, मेडिकल कचरे के सुरक्षित निपटान, पानी टंकी के निर्माण के संबंध में निर्णय लिए गए। बैठक में मेडिकल कालेज के डीन डॉ. देवेश सारस्वत, अधीक्षक संजय गांधी हास्पिटल डॉ. अवतार सिंह, डॉ. एपीएस गहरवार, डॉ. नरेश बजाज,अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल डॉ. अक्षय श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
