बड़ी ख़बर

माथे पर घूंघट,मांग में सिंदूर, बदन पर चटकदार साड़ी पहनकर थाने में ऐसे पहुंची मुस्लिम से हिंदू बनी इशिका

मंदसौर [म.प्र. दबंग प्रहरी] । मध्य प्रदेश के मंदसौर में 9 सितंबर को राजस्थान के जोधपुर से आई मुस्लिम लड़की ने धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसने हिंदू लड़के से शादी कर ली। इस दौरान लड़की का नाम भी इकरा से इशिका हो गया। अब इस मामले में जोधपुर पुलिस मंदसौर पहुंची और इशिका के बयान दर्ज किए। इशिका, उसके पति राहुल और उसके पिता ने राजस्थान पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
गौरतलब है कि इशिका 6 अगस्त को पड़ोस में डांस क्लास चलाने वाले राहुल नाम के साथ भागकर मंदसौर आई थी। उधर, इकरा के घरवालों ने जोधपुर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। राहुल और इकरा की शादी की खबर जैसे ही जोधपुर पुलिस को लगी तो वह यहां आ गई। जोधपुर पुलिस ने मंदसौर के सिटी कोतवाली थाने में इशिका के बयान लिए।
इशिका ने जोधपुर पुलिस को बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोनों फिलहाल मंदसौर में ही रहना चाहते हैं, लेकिन आगे चलकर वे राजस्थान जाएं तो उन्हें पुलिस सुरक्षा मिले। इशिका के बयान दर्ज करने के बाद जोधपुर पुलिस ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे पति-पत्नी को सुरक्षा देंगे।
इस मामले को लेकर राहुल के पिता दिनेश का कहना है कि राहुल का काम धंधा जोधपुर में ही है। उसकोआगे-पीछे जोधपुर जाना पड़ेगा। इसलिए वहां की पुलिस इन्हें सुरक्षा प्रदान करे. कुछ महीने पहले ही मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने वाले चेतन सिंह राजपूत ने ही राहुल और इशिका की शादी करवाई ।
चेतन सिंह राजपूत का कहना है कि उन्हें इस तरह के इनपुट मिल रहे हैं कि वहां पर कुछ लोग राहुल के घर की रेकी कर रहे हैं। इसलिए उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाए। हालांकि राहुल और इशिका को अभी किसी की तरफ से कोई धमकी नहीं मिली है, लेकिन उन्हें आशंका है कि अगर वे जोधपुर जाएंगे तो उनके साथ कोई भी घटना घट सकती है।
गौरतलब है कि इशिका और राहुल वर्मा की लव स्टोरी तीन साल पहले शुरू हुई थी। राहुल काम के सिलसिले में जोधपुर गया था। उसने वहां डांस क्लास शुरू की। उसके पास ही इकरा का भी घर था। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने का फैसला किया और इसके लिए इकरा ने कहा कि वह अपने प्यार के लिए धर्म भी बदलने के लिए तैयार है।