सभापुर पुलिस ने दिव्यांग शिक्षक को बनाया शराब तस्कर

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का साला बनकर क्षेत्र को लूट रहे हैं राम नरेश गौतम
सतना-पैसे के लिए क्या-क्या नहीं करते पुलिस क्या-क्या नहीं करती यह जगजाहिर हो चुका है । नौकरी की अंतिम सांसे गिन रहे सभापुर के थाना प्रभारी शिवप्रसाद चंदेल पूरी तरह लूट घसोट और दादागिरी में उतर आए हैं। यहां शराब के कारोबार से जुड़े रामनरेश तनय माधव प्रसाद गौतम निवासी सभापुर अपने आपको प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का साला बताकर पूरे क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने हुए है। सूत्रों ने बताया कि इनके भाई लक्ष्मी गौतम की बोलेरो गाड़ी आबकारी विभाग में लगी हुई है, जिससे क्षेत्र में शराब की तस्करी की जाती है। आबकारी व सभापुर थाने की पुलिस पूरी तरह मिली हुई है। राम नरेश गौतम ने दिव्यांग शिक्षक झगड़ु कुम्हार पिता गुलई कुम्हार से 45000 रु. उधार लिए थे । वह पैसा वापस ना देना पड़े सो उन्होंने सभापुर थाना प्रभारी से मिलकर शराब तस्करी की नकली कहानी गढ़कर एक शिक्षक को झूठे आबकारी एक्ट में फंसा दिया । इस प्रकरण में जहां ग्रामीणों ने गैवीनाथ धाम पहुंचे पुलिस कप्तान आशुतोष गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की है। तो वहीं दिव्यांग शिक्षक कुम्हार ने एसपी कार्यालय में पहुंचकर पुलिस कप्तान को लिखित शिकायत करते हुए जांच की मांग की है । पुलिस कप्तान ने चित्रकूट एसडीओपी जांच सौंपते हुए कहा कि जांच में मामला सही पाया गया तो पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
दीपेंद्र पटेल से पैसे दिलाने के नाम पर राम नरेश गौतम ने लिए पैसे
दिव्यांग शिक्षक कुम्हार ने बताया कि बैरिया निवासी दीपेंद्र सिंह पटेल को 18/11/ 2020 को 75000रु, बीमा कराने के नाम पर नगद दिए थे ,ना ही उनका बीमा कराया गया ,और ना ही अब उनके पैसे दिए जा रहे हैं। इसी पैसे को दिलाने के नाम पर रामनरेश गौतम ने मुझसे पैसे लिए एवं कहा कि गृहमंत्री मेरे जीजा हैं एवं राजनीति में मेरी अच्छी पकड़ है मैं आपके पैसे वापस दिलवा दूंगा। उन्होंने मेरे पैसे वापस दिलवाने की बात तो दूर उल्टे मेरे पैसे भी खा गए और मुझे झूठे प्रकरण में फंसा दिया । मैं एक शिक्षक हूं और सरकार मुझे पर्याप्त वेतन देती है । ऐसे में, मैं शराब तस्करी जैसी घिनौनी हरकत क्यों करूंगा।
शराब तस्करों से 50000रु की माहवारी बंदी
बताया जाता है कि क्षेत्र में शराब तस्करी चरम पर है तस्करी व पैकारी करने वाले तस्कर 50000रु प्रति माह थाना प्रभारी चंदेल को देते हैं। वहीं थाने में पदस्थ आरक्षक संजय यादव का क्षेत्र में आतंक है । पूर्व पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह यादव का रिश्तेदार बताकर जनता को लूट रहा था । लेकिन नए कप्तान जी के आने के बाद भी यह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है । क्षेत्र में इसका आतंक जारी है । बताया जाता है कि थाना प्रभारी चंदेल के लेनदेन का पूरा मैनेजमेंट का काम कुख्यात आरक्षक संजय यादव ही देखता है।
दिव्यांग ने थाने पहुंचते ही खींची फोटो
दिव्यांग शिक्षक को जब पुलिस शराब तस्करी के आरोप में थाने ले गई तो शिक्षक ने थाने में घुसते ही एक फोटो खींचा जिसमें पहले से ही टेबल पर 50 पाव देसी शराब रखी हुई थी। इससे यह सिद्ध हो जाता है कि पुलिस ने झूठी रिपोर्ट लिख कर दिव्यांग शिक्षक को फंसाया है। बताया जाता है कि दिव्यांग शिक्षक ने इस फोटो की पुष्टि के लिए भी 65बी का सर्टिफिकेट बनवा लिया है । अब चित्रकूट एसडीओपी की नैतिक जिम्मेदारी है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर थाना प्रभारी व दोषी पुलिस कर्मियों को बेनकाब करें।
भाजपा नेता ने की रामपुर थाने में शिकायत
उक्त प्रकरण की शिकायत भाजपा नेता शिव भानु सिंह बघेल ने रामपुर बघेलान थाना प्रभारी को करते हुए दिव्यांगों को न्याय दिलाने की मांग की है।