बड़ी ख़बर

भिलाई नगर निगम ने अवैध चिकन-मटन दुकानों पर अभियान चलाकर 1500 रुपये जुर्माना वसूला

 

भिलाईनगर ( दबंग प्रहरी समाचार )। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जोन-03 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 31 में अवैध रूप से संचालित चिकन एवं मटन दुकानों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। निगम की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया।

कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे एवं स्वच्छता निरीक्षक चूड़ामणि यादव उपस्थित रहे। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ दुकानों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था, जिस पर निगम अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों से कुल 1500 रुपये अर्थदण्ड वसूल किया। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, परिसर को साफ-सुथरा रखने तथा निर्धारित नियमों के तहत व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम भिलाई द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।