सतना. मध्य प्रदेश में पंचायत- नगरीय निकाय चुनाव भले ही खत्म हो गए हैं. लेकिन अभी जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन होना बाकी है. जनपद, जिला पंचायत में अपने समर्थकों को तैनात करने के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने कवायद तेज कर दी है. पंचायत चुनाव में विजयी सदस्यों की बाड़ा बंदी की जा रही है. जिला पंचायत जनपद सदस्यों को शिर्डी, तिरुपति, सांवरिया सेठ के दर्शन कराए जा रहे हैं.

सतना के समेत कई जिला जनपद से विजयी सदस्यों के बाड़ेबंदी की खबरें निकल कर आ रही हैं. बीजेपी और कांग्रेस के नेता पंचायतों में अपने समर्थकों की सरकार बनाने के लिए विजयी उम्मीदवारों को धार्मिक यात्रा करा कर उन्हें दूसरे दल में जाने से रोकने की कोशिश में लगे हैं.
*सैर सपाटे का मज़ा*
इन दिनों कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो निकल कर सामने आए जहां विजयी उम्मीदवार अपने क्षेत्र से कोसों दूरी पर धार्मिक यात्रा पर हैं. जनपद और जिला पंचायत के अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया अभी होना बाकी है. राज्य निर्वाचन आयोग के जारी कार्यक्रम के तहत 27 और 28 जुलाई को जनपद और 29 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष के लिए निर्वाचन होना है. इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक अपनों की बाड़ाबंदी कर उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा रहा है. इस बहाने विजयी उम्मीदवार धार्मिक यात्रा के साथ होटलों के भी मजे ले रहे हैं।