बड़ी ख़बर

नेताओं ने टिकट के नाम पर 25 लाख हड़पे :BSP विधानसभा प्रभारी का आरोप

विधानसभा प्रभारी ने टिकट नहीं मिलने पर छोड़ी पार्टी, हत्या की धमकी देने का लगाया आरोप

झांसी। झांसी में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के गरौठा विधानसभा प्रभारी पर्वत पाल ने अपनी पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि विधानसभा का टिकट दिलाने के नाम पर दोनों नेताओं ने उससे 25 लाख रुपए हड़प लिए और टिकट भी नहीं दिलाई।

अब रुपए मांगने पर वे SC-ST एक्ट के झूठे केस में फंसवाकर जेल भिजवाने और हत्या करवाने की धमकी दे रहे हैं। इससे आहत होकर पर्वत पाल ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। गुरुवार को पर्वत पाल ने एसएसपी को शिकायत देकर दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

प्लाट और मकान बेचकर दिए रुपए

दिगारा निवासी पर्वत पाल करीब 20 साल से बहुजन समाज पार्टी के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वह बुंदेलखंड में सेक्टर संयोजक, जिला कोषाध्यक्ष, जिला इंचार्ज, जिला प्रभारी पर कार्यरत रहे और वर्तमान में गरौठा विधानसभा प्रभारी थे। जिले के दो दिग्गज नेताओं ने वादा किया कि गरौठा विधानसभा से टिकट दिलाएंगे, कुछ रुपए पार्टी फंड में जमा कराना होगा।

वह 5 सालों में करीब 25 लाख रुपए दे चुका है। उसने प्लाट और मकान बेचकर रुपए दिए हैं। अब उसको पार्टी से टिकट भी नहीं मिली। दोनों नेता चेक, आरटीजीएस या अन्य नेट माध्यम से रुपए नहीं लेते थे, सीधे कैश में रुपए लेते थे।

कैंसर से पीड़ित हैं पर्वत पाल

पर्वत पाल ने कहा कि उसकी तबीयत खराब थी। अक्टूबर 2021 में मेडिकल जांच में कैंसर होने की पुष्टि हुई। तब वह इलाज कराने मुंबई चला गया और दो माह से ग्वालियर में इलाज करा रहे था। टिकट न मिलने पर दोनों नेताओं ने रुपए लौटाने का वादा किया था। जब वह रुपए मांगने लगा तो पहले रुपए लौटाने के लिए कहते रहे। लेकिन अब वे पर्वत पाल को धमका रहे हैं। अब कैंसर पीड़ित पर्वत पाल न्याय के लिए भटक रहा है। वह एसएसपी और डीआईजी को शिकायत दे चुका है।