ग्वालियर में बर्थडे पार्टी मेंDJ बजने पर , सिविल ड्रेस में पहुंचे जवानों ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
ग्रामीणों को पीटने पर 4 पुलिसकर्मियों पर FIR
ग्वालियर |ग्वालियर के भितरवार में DJ बंद कराने पहुंचे पुलिस के 4 जवानों पर ग्रामीणों से मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि जवान भितरवार के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार रात 10 बजे DJ बंद कराने पहुंचे थे। यहां सिविल ड्रेस में पहुंचे जवानों और ग्रामीणों में विवाद हो गया। इसके बाद जवानों ने लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं सड़क पर दौड़ा-दौड़ा को लोगों को पीटा। इसमें दो महिलाएं घायल हो गईं। कई लोगों को मामूली चोट आई है।

पुलिसकर्मियों की गुंडागर्दी से परेशान लोगों ने शनिवार दोपहर भितरवार थाने के सामने बैठकर रोड पर जाम लगा दिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस अफसर और जिला प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंच गए। मारपीट करने वाले 4 पुलिस जवानों पर FIR दर्ज की गई है।


बैजन्ती बाई जाटव ने बताया है कि शुक्रवार को उनके एक रिश्तेदार के बेटे का बर्थ डे था। मोहल्ले में DJ लगवाया गया था। रात करीब 10 बजे जब DJ पर डांस, मस्ती चल रही थी, तभी आरक्षक भदौरिया, अजय यादव, रामदेव शर्मा, कुलदीप गुर्जर व एक अन्य सादा कपड़े में आए। इन्होंने आते ही DJ पर डांस कर रहे लोगों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद DJ के दौरान डांस करते जो मिला पुलिस ने उसे पीटा। हमले में बैजन्ती बाई के अलावा, वर्षा, बलराम जाटव, चेतराम, धर्मेन्द्र, जशवंत, मनोज, बृजेश व लक्ष्मी को चोट लगी है।
एसपी के आदेश के बाद भी सिविल ड्रेस में थे पुलिसकर्मी
हाल ही में ग्वालियर एसपी अमित सांघी ने आदेश जारी किए थे कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना वर्दी के ड्यूटी पर नहीं आएगा। कोई विशेष टास्क होगा तो वरिष्ठ अफसरों को सूचना देनी होगी। साथ ही थाने की डायरी में भी लिखना पड़ेगा। किसी भी स्थिति में सिविल ड्रेस पर पिस्टल नहीं लगा सकेगा, लेकिन भितरवार में पुलिस जवान सिविल ड्रेस में थे, पिस्टल भी लगाए थे।
4 पुलिसकर्मयों पर केस दर्ज
इस मामले में भितरवार थाना TI राजकुमारी परमार का कहना है कि रात को डीजे बंद कराने के दौरान विवाद हुआ था। दूसरे पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया है। चार पुलिस जवानों पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।