बड़ी ख़बर

28 साल बाद गिरफ्तार हुआ छेड़छाड़ का आरोपी

30 साल की उम्र में केस दर्ज हुआ, 25 साल पहले भाग निकला, 20 थानेदार बदल गए : अब नाम बदलकर जूते की दुकान चलाते पकड़ा गया

दुर्ग | छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को 28 साल बाद गिरफ्तार किया है। वारदात के 3 साल बाद फरार हुआ आरोपी पाटन क्षेत्र में नाम बदलकर रह रहा था। इस बीच जिस थाने में केस दर्ज हुआ था, उस थान के 20 थानेदार बदल गए। अब आरोपी की उम्र 58 साल हो चुकी है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को अभी फरियादी युवती के बारे में कुछ पता नहीं है। पुलिस अब उसकी तलाश करेगी।

cg

दरअसल, बीते दिनों कोतवाली थाने की पुलिस पुराने अपराध के मामलों के रिकॉर्ड खंगाल रही थी। इस दौरान पता चला कि शिक्षक नगर निवासी दुर्गा प्रसाद उर्फ जुगरू देवांगन लंबे समय से फरार है। उसके खिलाफ 28 साल पहले 1993 में 30 की उम्र में एक युवती ने घर में घुस कर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से वह गायब हो गया और फरारी काट रहा है। कोर्ट से भी कई बार उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी निकाला, लेकिन पुलिस उसकी तलाश नहीं कर सकी थी।

ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची पुलिस, जूता खरीदा और पकड़ लाई
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी के हुलिए का एक व्यक्ति पाटन में जूते ही दुकान चलाता है। इस पर सादे कपड़ों में पुलिस की एक टीम उसकी दुकान पर पहुंच गई। वहां से एक जोड़ी जूता भी खरीदा। पुलिसकर्मियों ने कहा कि शिक्षक नगर में एक परिचित की तलाश कर रहे हैं। बातों-बातों में दुर्गा प्रसाद ने बता दिया कि वह करीब 25 साल पहले वहां से पाटन आ गया और दुकान खोल ली। सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश वागडे ने बताया कि पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ASP संजय ध्रुव ने बताया है कि हमे संबंधित महिला के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।