बड़ी ख़बर

मोदी के भाषणों को बनाया हथियार,छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने महंगाई पर शुरू किया केन्द्र के खिलाफ ‘सीडी वार’

रायपुर| महंगाई के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस ने केंद्र के खिलाफ अपनी जारी की सीडी बजाकर प्रदर्शन किया. पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम एक तरफ कोंडागांव में आटो में सवार होकर पूरे शहर में सीड़ी बजाकर घूमें तो वहीं राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों और ब्लॉक मुख्यालयों में सीडी बजाकर प्रदर्शन किया गया. केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषणों को ही उनके खिलाफ प्रदर्शन का हथियार बना लिया है.

पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम, सांसद ज्योत्सना महंत और राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने एक प्रचार सीडी लांच की थी. अब इस सीडी़ को कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता ब्लॉक से लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन कर गली मोहल्लों में बजा रहे हैं. इस सीडी में प्रधानमंत्री के भाषणों का हिस्सा भी शामिल किया गया है. कांग्रेस ने इस प्रचार सामग्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जिन भाषणों को हथियार बनाया है, उसमें वह भाषण भी है, जिसमें प्रधानमंत्री एक जनसभा में लोगों से पूछा हैं कि महंगाई कम होनी चाहिए या नहीं होनी चाहिए.

सरकार पर इनका कंट्रोल खत्म

सीडी में कहा गया है “प्रधानमंत्री जी! आप महंगाई कम करो या न करो कम से कम उतना तो कर दो, जितना अटल विहारी वाजपेयी छोड़कर गए थे.” “महंगाई कम करने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है या नहीं है.”, “पहले गरीब सूखी रोटी खाता था, अब दो-दो सब्जियां खा रहा है, इसलिए महंगाई बढ़ी है.” और “सरकार की व्यवस्था पर से इनका कंट्रोल खत्म हो गया है” जैसे भाषणों के अंश शामिल किए गए हैं. इस सीडी में फिल्म पीपली लाइव के प्रसिद्ध गीत ‘महंगाई डायन खाए जात है’ के साथ महंगाई के खिलाफ छह भाषणों के अंशों का उपयोग हुआ है. इसमें कुछ नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद के हैं. वहीं अधिकतर 2014 से पहले के हैं. जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे.