रायपुर| छत्तीसगढ़ के रायपुर में मैंगो जूस सप्लाई करने के नाम पर एक करोड़ पांच लाख 68 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. फ्रॉड का आरोपी अभिषेक सिंह को गुजरात के वडोदरा का निवासी है. आरोप है कि अभिषेक सिंह ने मैंगो जूस सप्लाई के लिए रायपुर की एक कंपनी से करोड़ों का सौदा किया था. लेकिन उसने दो करोड़ रुपये एडवांस लेकर प्रार्थी को केवल 94,31,471 रुपये का ही माल भेजा जबकि शेष राशि 1,05,68,529 रुपये का गबन कर दिया. पीड़ित की शिकायत पर खमतराई थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है.

धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर खमतराई थाने की पुलिस टीम गुजरात गई और आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर रायपुर लायी. पूछताछ में अभिषेक सिंह ने पुलिस के समक्ष (सामने) धोखाधड़ी की बात कबूल की है. पुलिस आरोपी से इस केस में और जानकारी जुटा रही है. जांच टीम को शक है कि रायपुर की तरह ही आरोपी अभिषेक सिंह ने देश के दूसरे शहरों के कारोबारियों को भी चूना लगाया होगा, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.