सर गंगाराम अस्पताल में 37 डॉक्टर संक्रमित
राजधानी में गुरुवार को कोरोना से संक्रमण दर आठ फीसदी से ज्यादा हो गई। वहीं, संक्रमण के सात हजार से ज्यादा मामले आए। 19 नवंबर के बाद ऐसा पहली बार है जब एक दिन में इतने मामले आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, गुरुवार को 7437 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि, 24 लोगों की मौत हुई। इससे अब कुल मरीजों की संख्या 6,98,005 पहुंच गई है। इसमें से 6,63,667 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 11,157 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण से मृत्युदर 1.6 फीसदी है। वहीं, कुल संक्रमण दर 4.57 फीसदी है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 23,181 हो गई है। इसमें से 4212 अस्पतालों में भर्ती है। होम आईसोलेशन में 11,367 रोगियों का और कोविड केंद्रों में 165 मरीजों का इलाज चल रहा है।
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 91,770 लोगों की जांच की गई। आरटीपीसीआर तरीके से 52,669 और रैपिड एंटीजन से प्रणाली से 39,074 टेस्ट हुए। अब तक 1 करोड़ 52 लाख 57 हजार सैंपल की जांच हो चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 4226 हो गई है। बता दें कि इससे पहले बुधवार को 5,506 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं 20 लोगों की वायरस के चलते मौत हुई थी।
गंगाराम अस्पताल बना सबसे बड़ा हॉट स्पॉट, 37 डॉक्टर संक्रमित
दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ने के साथ ही अस्पतालों के हॉट स्पॉट जोन में तब्दील होने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। संक्रमण की तीसरी लहर गुजरने के बाद पहली बार किसी अस्पताल में तीन दर्जन से भी ज्यादा कर्मचारी कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में एक साथ 37 डॉक्टर कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें 32 डॉक्टर होम आइसोलेशन हैं और पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया है। फिलहाल राजधानी में यह सबसे बड़ा हॉट स्पॉट के रूप में सामने आया है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को सभी डॉक्टरों की रिपोर्ट आई है। 37 डॉक्टर संक्रमित हुए हैं। हालांकि ज्यादात्तर डॉक्टरों में संक्रमण का हल्का असर है लेकिन एहतियात के तौर पर इन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है लेकिन पांच डॉक्टरों की हालत गंभीर है। इनकी आयु भी 50 वर्ष से अधिक है। इन डॉक्टरों को तत्काल गंगाराम अस्पताल के ही कोविड वार्ड में भर्ती किया है।