मोहन गार्डन एरिया में पेट्रोलिंग ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने एक विदेशी नाइजीरियन नागरिक को बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के रहने पर गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस ने उसको गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया जहां उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मकान मालिक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है.
नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला अंतर्गत मोहन गार्डन और उत्तम नगर में बड़ी संख्या में अफ्रीकी नागरिक रह रहे हैं. इन सभी पर दिल्ली पुलिस की भी पैनी नजर रहती है. इन सभी की वीजा अवधि समाप्त होने, दूसरी अवैध गतिविधियों, नकली वीजा मामलों में संलिप्ता पर लगातार नजर बनाए रहती है. और अवैध रूप से रहने वाले विदेशियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई करती रहती है. ताजा मामला मोहन गार्डन इलाके का सामने आया है.

दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला डीसीपी संतोष कुमार मीणा के मुताबिक 11 सितंबर को सुबह 9 बजे के आसपास थाना मोहन गार्डन के हवलदार विक्रम और सिपाही मुकेश जो कि एरिया में पेट्रोलिंग ड्यूटी कर रहे थे. उन्होंने एक विदेशी नाइजीरियन व्यक्ति को सोम बाजार रोड, नजदीक मेडिकल शॉप मोहन गार्डन, नई दिल्ली पर रोका और उसके पासपोर्ट और वीजा के बारे में पूछा. लेकिन वह व्यक्ति उचित समय देने के बावजूद भी अपने ये कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
पूछताछ पर उसका नाम व पता केसी बुसाना पुत्र बडाना पता यूली, स्टेट अबम्बरा नाइजीरिया उम्र 37 साल मालूम हुई और वर्तमान में वह एक किराएदार के तौर पर एल-ब्लॉक एक्सटेंशन मोहन गार्डन नई दिल्ली में रह रहा है. इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 504/21 धारा 14A विदेशी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया और उसको इस मामले में गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया.
कोर्ट ने उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मकान मालिक के खिलाफ भी एक एफआईआर नंबर 505/21 धारा 14C विदेशी अधिनियम के तहत दर्ज की गई है. इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.