बड़ी ख़बर

बॉलीवुड गायक अभिजीत सावंत ने सिरपुर महोत्सव में दर्शकों पर चलाया जादू

महासमुंद। धार्मिक, पुरातात्विक और ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का सोमवार शाम भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चुन्नी लाल साहू बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल हुए। इसके पूर्व वे चित्रोत्पला गंगा आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डा विमल चोपड़ा, रूप कुमारी चौधरी, ज़िला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, सांसद प्रतिनिधि संदीप दीवान, चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू, सतपाल सिंह पाली, नीलम दीवान, देवेंद्र शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर प्रभात मलिक, वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू, रेखराज़ शर्मा सहित बड़ी संख्या में दर्शक एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद थे।

सिरपुर महोत्सव में उमड़ पड़ा जन सैलाब सिरपुर महोत्सव में तीनों दिन जन सैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय कलाकार सहित राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों से सुसज्जित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने सिरपुर के अलावा आस-पास एवं प्रदेश भर के श्रद्धालु और आगंतुक हजारों की संख्या में पहुंचे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिदिन विशाल जन समूह ने कार्यक्रमों का तन्मयता से आनंद लिया। प्रमुख कार्यक्रम में इंडियन आइडल विजेता अभिजीत सावंत , मुम्बई के कलाकारों द्वारा गीता सार की प्रस्तुति, छत्तीसगढ़ी छॉलीवुड कलाकार सुनील सोनी, भूपेन्द्र साहू एवं आरू साहू की छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े लोक परम्परा पर आधारित सांस्कृति प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।

कलेक्टर प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में इस बार सिरपुर महोत्सव की खास तैयारी की गई थी। कलेक्टर मलिक स्वयं महोत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मौके पर पहुंचकर मार्गदर्शन देते रहे। सिरपुर की गलियों में स्थायी विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और आकर्षक भव्य मंच बनाया गया। जिससे दर्शक प्रभावित हुए और लगातार परिवार सहित सिरपुर महोत्सव का आनंद लेने बड़ी संख्या में पहुंचे। सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक को नोडल अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया तथा अन्य अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।