जुनून: मजदूरी कर खेत में क्रिकेट का प्रेक्टिस करने वाले ने IPL के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में मचाया तहलका
कोलकाता। रवि बिश्नोई ने इंटरनेशनल करियर का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और 2 विकेट भी झटके। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. इस तरह से वे डेब्यू इंटरनेशनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले खास खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। पहले टी20 में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 157 रन बनाए. जवाब में टीम इंडिया ने लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।भारत ने मैच 6 विकेट से जीता. कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे अधिक 40 रन बनाए। इस तरह से टीम ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. इससे पहले टीम ने वनडे सीरीज भी 3-0 से जीती थी।क्रिकेट का सफर आसान नहीं रहा।

राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले इस गेंदबाज को खेतों तक में प्रैक्टिस करनी पड़ी। फिर उन्होंने अपने दोस्त और कोच के साथ मिलकर एक एकेडमी शुरू की. एकेडमी को बनाने के दौरान उन्होंने खुद मजदूरी की, लेकिन मेहनत जारी रखी। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। 2020 के फाइनल में हालांकि भारतीय टीम फाइनल में बांग्लादेश से हार गई थी, लेकिन उन्होंने 6 मैच में 17 विकेट लेकर खुद को साबित किया था। पहला टी20 मैच जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने भी बिश्नोई की जमकर तारीफ की।
टी20 में रिकॉर्ड दमदार, इकोनॉमी 7 से भी कम
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें आईपीएल में भी खेलने का मौका मिला। वे 2020 में पहली बार टी20 लीग में उतरे. वे 2020 और 2021 दोनों सीजन में पंजाब किंग्स की ओर से खेले। वे पंजाब की ओर से 23 मैच में 24 विकेट ले चुके हैं. इकोनॉमी 7 से कम की है।इससे उनकी धारदार गेंदबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है. 24 रन देकर 3 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है। आईपीएल 2022 (IPL 2022) के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपए में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। टीम पहली बार टी20 लीग में उतर रही है।
रवि बिश्नोई के ओवरऑल टी20 करियर की बात करें तो वे 43 पारियों में 21 की औसत से 51 विकेट ले चुके हैं। पहले टी20 इंटरनेशनल में 2 विकेट लेने के साथ ही उन्होंने 50 विकेट का आंकड़ा भी छू लिया. 15 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है. इकोनाॅमी 6.57 के आस-पास है। वहीं वे लिस्ट-ए के 17 मैच में 36 की औसत से 24 विकेट ले चुके हैं. 45 रन देकर 4 विकेट बेस्ट प्रदर्शन है।