अधिकारियों ने जानकारी दी कि, रविवार रात को गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और इंडियन कोस्ट गॉर्ड के संयुक्त अभियान के दौरान मादक पदार्थ को जब्त किया गया।
नई दिल्ली। ड्रग तस्करों के खिलाफ इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार की रात एक संयुक्त अभियान के दौरान, गुजरात तट के पास भारतीय जलक्षेत्र में 77 किलोग्राम हेरोइन लेकर जा रही पाकिस्तान की एक नौका पकड़ी गई है और उसके चालक दल के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 400 करोड़ है।

अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि, रविवार रात को गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और इंडियन कोस्ट गॉर्ड के संयुक्त अभियान के दौरान मादक पदार्थ को जब्त किया गया। गुजरात के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा, ”इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस के एक संयुक्त अभियान के दौरान पाकिस्तानी नौका ‘अल हुसैनी’ और उसके चालक दल के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 400 करोड़ की 77 किग्रा हेरोइन जब्त किया गया है।”