बड़ी ख़बर

फर्जी अफसर के जुलुस की वीडियो ने खोली पोल : मुख्यालय ने पकड़ा

VIDEO ने खोली फर्जी अफसर की पोल:सेना की वर्दी में आकर बताया- अफसर बन गया हूं, लोगों ने जुलूस निकाल दिया; सैन्य मुख्यालय ने वीडियो देखा तो झूठ पकड़ा गया

हरदा | मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। युवक पर वायु सेना का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को धोखा देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि नाबालिग ने खुद को एयरफोर्स का एंटी करप्शन ऑफिसर बताया। जिसके बाद खुशी के मारे गांव के लोगों और परिवार ने उसे जिप्सी में बैठाकर जुलूस तक निकाल दिया।

सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया पर नाबालिग की खूब चर्चा होने लगी। जब लड़के के स्वागत का वीडियो एयरफोर्स के नागपुर ऑफिस ने देखा तो सच्चाई सामने आई। नागपुर एयरफोर्स ऑफिस से हरदा पुलिस के पास लेटर आया। बताया गया कि लड़का फर्जी है। ऐसी कोई नियुक्त नहीं हुई।

पुलिस ने 17 साल के आरोपी पर एयरफोर्स की वर्दी सिलवाकर दुरुपयोग करने और धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज की है। फिलहाल आरोपी फरार है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्वागत रैली कैथवास के गांव से हरदा के घंटाघर तक निकाली गई थी। इसमें देशभक्ति के गीत बजाए गए और लोगों ने उसका माल्यार्पण कर स्वागत किया।

आर्मी की ड्रेस में था नाबालिग
आरोपी पिंकेश कैथवास ​​​​​जब हरदा आया तो उसने आर्मी की ड्रेस पहनी हुई थी। जबकि उसने लोगों को बताया कि वह एयरफोर्स में भर्ती हुआ है। लोगों को इस पर शक तो हुआ लेकिन उसके स्वागत में हर कोई इस बात को भूल गया। लोग एक गरीब मजदूर के बेटे को इस मुकाम पर पाकर खुश हो रहे थे। एयरफोर्स ने जब उसका भेद खोला तो हर कोई अवाक रह गया।

हरदा में बड़ा जुलूस निकाला गया था।
                                                    हरदा में बड़ा जुलूस निकाला गया था।

जुलूस में नगरपालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन भी हुए शामिल
हरदा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान ने शनिवार को बताया कि हरदा के पीलिया खाल का रहने वाले पिंकेश कैथवास के खिलाफ शुक्रवार को धारा 419 तथा अन्य संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना में अधिकारी के तौर पर भर्ती होने का दावा करने के बाद हरदा शहर में स्थानीय नेताओं और प्रमुख नागरिकों द्वारा शहर में 3 अक्टूबर को उसका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वर्दी पहने युवक का जुलूस भी निकाला गया। स्वागत जुलूस में नगरपालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, उमरा गांव का पूर्व सरपंच शेखर रघुवंशी मौजूद थे।

पिता बोले- दो अफसर भी लेकर आया था बेटा
आरोपी के पिता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। बेटा 10वीं पास है। पिछले एक साल से बेटा हर बार कहकर जाता था कि वह ट्रेनिंग पर जा रहा है। हर दो-तीन महीने में 8 से 10 दिन के लिए घर से आता था। हमें लगता था कि सच में उसकी नौकरी लग गई है। 3 अक्टूबर को उसे पहली बार एयरफोर्स की वर्दी में देखा।

3 अक्टूबर को नाबालिग अपने साथ दो व्यक्ति को लेकर आया था। जिनका परिचय एयरफोर्स के बड़े अफसर बताकर कराया था। उसने नियुक्ति कैसे और किस शहर में हुई, इसे गोपनीय कहकर छिपाया था। बेटे ने सेल्फ ट्रेनिंग लेने की बात भी कही थी।