मुंबई | बॉलीवुड एक्टर और बिग बॉस कंटेस्टेंट अरमान कोहली के जुहू स्थित घर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रेड हुई है। NCB सूत्रों ने बताया कि ऑपरेशन ‘रोलिंग थंडर’ के तहत यह छापा डाला गया है। रेड के दौरान ड्रग्स बरामदगी की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, NCB की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अरमान कोहली बॉलीवुड का बड़ा चेहरा हैं और इन्होंने 17 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

अरमान कोहली बिग बॉस के सीजन-7 में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे। घर में अपने गुस्सैल व्यवहार के कारण इन्हें कुछ दिनों के लिए निष्कासित भी किया गया था। इस रेड से पहले NCB ने शुक्रवार देर रात टीवी अभिनेता गौरव दीक्षित को गिरफ्तार किया था। शनिवार दोपहर NCB ने उन्हें मुंबई की NDPS कोर्ट में पेश किया, जहां कुछ देर की सुनवाई के बाद उन्हें 30 अगस्त तक कस्टडी में भेज दिया गया है।
गौरव की निशानदेही पर मुंबई के मुलुंड,खारघर,वसई, विरार,बांद्रा और अंधेरी इलाके छापेमारी कर रही है। यह संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में आज कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
पहले भी विवादों में रहे हैं कोहली
बिग बॉस शो में बतौर प्रतिभागी शामिल हुए अरमान कोहली को अवैध शराब रखने के आरोप में आबकारी विभाग ने गिरफ्तार किया था। उनके घर से महंगी स्कॉच व्हिस्की की 41 बोतलें बरामद हुई थी। नियम के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 12 बोतलों से ज्यादा शराब घर पर नहीं रख सकता है। उनके खिलाफ बॉम्बे शराब निषेध अधिनियम-1949 की धारा 63(ई) के तहत कार्रवाई हुई थी।
गर्लफ्रेंड को पीटने का भी लगा था आरोप
इससे पहले जून 2018 में कोहली पर लिव-इन गर्लफ्रेंड नीरू रंधावा को बेरहमी से पीटने का अरोप लगा था। इस मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। मुंबई के वर्सोवा थाने में भी उनके खिलाफ एक फीमेल फैशन डिजाइनर से दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज किया था। कोहली अपने करियर में तीन बार सलाखों के पीछे जा चुके हैं।

गौरव के घर से बरामद हुई थी ड्रग्स
इसी से जुड़े एक मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार हुए अभिनेता गौरव दीक्षित के घर से कुछ दिनों पहले एमडी ड्रग्स और चरस बरामद हुई थी। कुछ देर में NCB की टीम गौरव को स्थानीय NDPS कोर्ट में पेश करेगी। अभिनेता एजाज खान से पूछताछ के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। एजाज खान को 31 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया था।
उससे पूछताछ के बाद से लगातार NCB मुंबई के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही थी। जिसमें दीक्षित के घर के अलावा, अंधेरी और लोखंडवाला के कई ठिकानें शामिल थे। ड्रग्स तस्कर शादाब बटाटा से पूछताछ के दौरान एजाज का नाम सामने आया था। पहले बटाटा की गिरफ्तारी हुई, जिसके बाद जांच एजेंसी ने एजाज से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।
रेड के बाद से गायब चल रहे थे गौरव
5 महीने पहले हुई रेड के बाद से गौरव गायब चल रहे थे। वे एक विदेशी महिला के साथ रह रहे थे। वह महिला भी घर से गायब थी। NCB को छापेमारी के दौरान टीम ने घर से एक लैपटॉप और ड्रग्स बरामद हुई थी। जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने गौरव दीक्षित की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एजाज खान को जिस सप्लायर के कहने पर पकड़ा गया है, उसी ने भी गौरव दीक्षित का भी नाम लिया था। कुछ महीने पहले NCB की टीम रेड मारने पहुंची तब गौरव दीक्षित और उनकी डच गर्लफ्रेंड बिल्डिंग के नीचे थे। टीम को देखकर वहां से फरार हो गए। हमने उनके घर से ड्रग्स बरामद की थी।