बड़ी ख़बर

पति ने नई नवेली दुल्हन को तेजाब पिलाया, 3 माह पहले हुई थी शादी

एसिड से गले से पेट तक कई अंग जले, दिल्ली में भर्ती: कार के लिए मायके से 3 लाख न लाने पर पीटता था पति, 3 माह पहले हुई थी शादी

cg

ग्वालियर |ग्वालियर में पति दहेज के लिए दानव बन गया। नई कार खरीदने के लिए मायके से 3 लाख रुपए नहीं लाने पर नई नवेली दुल्हन को एसिड पिला दिया। गंभीर हालत में नवविवाहिता को पहले ग्वालियर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। एसिड से महिला के गले से लेकर पेट तक कई अंग जलकर खराब हो गए हैं। महिला की डबरा में तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। उधर, इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर MP की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं?

जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया निवासी 22 साल की शशि जाटव की शादी 17 अप्रैल 2021 को डबरा के रामगढ़ निवासी वीरेन्द्र कुमार जाटव के साथ हुई थी। शादी में शशि के मायके वालों ने 10 लाख रुपए खर्च किए थे। लॉकडाउन के बाद वीरेन्द्र ने नई कार खरीदने के लिए पत्नी को मायके से 3 लाख रुपए लाने के लिए कहा। इस बात से इनकार करने पर वह शशि के साथ मारपीट करता था।

दिल्ली में भर्ती शशि जाटव। तेजाब शरीर के कई अंदरूनी अंग खराब हो गए हैं

27 जून की रात को वीरेंद्र ने शशि पर एक बार फिर 3 लाख रुपए लाने के लिए दबाव डाला। इस बार मना करने पर वीरेंद्र ने शशि को जबरन एसिड पिला दिया। शशि की हालत खराब हो गई। शोर मचाने पर घर के अन्य लोगों और आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में ग्वालियर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी हालत बेहद खराब होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया। इसके बाद डबरा सिटी थाना में सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया था। उसने दिल्ली में अफसरों को पति के खिलाफ बयान दिया है। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को निगरानी में लिया है।

ट्वीट के बाद जागी MP पुलिस
मालीवाल ने ट्वीट कर CM शिवराज सिंह को लिखा है कि ‘ग्वालियर की लड़की को उसके पति ने एसिड पिलाया, जिससे उसके अंग जल गए। MP में FIR हल्की हुई और अब तक कोई अरेस्ट नहीं हुआ। लड़की का इलाज हम दिल्ली में करवा रहे हैं। उसके बयान भी SDM के सामने करवाए हैं। ये भयानक फोटो इस आस से डाली है कि शिवराज चौहान जी अपराधियों को अरेस्ट करवाएंगे।’

पुलिस दर्ज किया हत्या की कोशिश का केस
इस मामले में घटना के बाद पुलिस ने सिर्फ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। अब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप करने के बाद पुलिस ने तत्काल धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी वीरेंद्र के खिलाफ जान से मारने की कोशिश की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। ग्वालियर SP अमित सांघी ने कहा कि दिल्ली में पीड़ित ने बयान दिए हैं। उसके बाद पति के एसिड पिलाने का पता लगा है। धाराएं बढ़ा दी गई हैं। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।