बीजापुर|छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य बीजापुर जिले में कोरोना वैक्सीन लगावने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत ही बीजापुर नगरपालिका सीमा में लोगों को मुफ्त टमाटर बांटा जा रहा है, ताकि वेकाेविड-19 का टीकाकरण करने के लिए आगे आ सकें. इसको एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है. नगरपालिका के एक अधिकारी पुरुषोत्तम सल्लूर ने बताया कि टीकाकरण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए यह कवायद की जा रही है. हमने सब्जी विक्रेताओं से अपील की है कि वे नगरपालिका को टमाटर की आपूर्ति करें.
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसके तहत सभी जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है. बीजापुर में भी जरूरी सेवाओं को छोड़कर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है. पुलिस के जवान सड़कों पर बैरिकेड्स लगाकर अनावश्यक आवाजाही करने वालों को रोक रहे हैं. साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की समझाइस भी दी जा रही है. बीजापुर के सीमावर्ती जिले सुकमा में 20 अप्रैल की शाम से लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है. बीजापुर लाॅकडाउन पहले से ही जारी है. हालांकि, इस बीच कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी.

लगातार बढ़ रहे आंकड़े
छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में 13834 नए मरीज मिले हैं. इस दौरान 165 लोगों की मौत हो गई है. राजधानी रायपुर में 2378 नए मरीज मिले हैं. सबसे ज्यादा मरीज मिलने के मामले में दुर्ग दूसरे नंबर पर है. यहां बीते 24 घंटे में 1761 नए मरीज मिले. इस दौरान प्रदेश में 11815 ने कोरोना को मात दी. प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 29000 है. कुल पीड़ितों की संख्या हुई 5 लाख 58 हजार 674 है. कोरोना से अब तक प्रदेश में 6083 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि अब तक कुल 423591 मरीज रिकवर हुए हैं.