रीवा। शहरवासियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई सौगात मिलने जा रही है। शहरी क्षेत्र में 6 नए संजीवनी क्लीनिक खोले जाएंगे। इसके लिए नगर निगम को शासन द्वारा बजट भी जारी कर दिया गया है। निगम अधिकारियों ने स्वास्थ्य मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम क्षेत्र में जगहें चिंहित कर ली हैं और जल्द ही टेंडर कर निर्माण किया जाएगा। बता दें कि शहर में तीन संजीवनी क्लीनिक पहले से संचालित हैं, इनके अलावा अब 6 संजीवनी क्लीनिक और खोले जाएंगे। इनका संचालन शुरु होते ही वार्ड सहित आस-पास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को आसानी से मिल सकेगा। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा सक्षम स्वीकृति भी भूमि चिंहित कर जिला कलेक्टर से ले ली गई है।
————
25 लाख प्रति केन्द्र खर्च
जानकारी के मुताबिक शासन द्वारा डेढ़ करोड़ का बजट दिया गया है। इस बजट से 6 केन्द्रों का निर्माण किया जाएगा। प्रति केन्द्र में 25 लाख रुपए निर्माण में खर्च होगा। निर्माण एजेंसी के रूप में नगर निगम काम करेगी और संचालन स्वास्थ्य विभाग कराएगा। बता दें कि निर्माण पूरा होने के बाद यहां चिकित्सा विशेषज्ञ सहित नर्सिंग स्टाफ नियुक्ति होगा। कुछ जांच सुविधा भी यहां उपलब्ध कराई जाएंगी। जिसके चलते मरीजों को जल्दी बड़े अस्पताल की तरफ कूच नहीं करना होगा।
————
यहां होगा निर्माण
नगर निगम द्वारा इनके निर्माण के लिए वार्ड क्रमांक 15 में अकोला बस्ती व बंसल बस्ती, वार्ड 43 चिरहुला मंदिर पार्किंग के पीछे, वार्ड क्रमांक 45 में साकेत बस्ती के पास कुठुलिया, वार्ड क्रमांक 4 में शासकीय स्कूल चोरहटा, वार्ड क्रमांक 35 में श्रम कल्याण केन्द्र घोघर में नए संजीवनी क्लीनिक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 3 केन्द्र पूर्व से मंगलभवन रानीतालाब वार्ड 38, पीएम आवास योजना ललपा वार्ड 26, वार्ड क्रमांक 5 हार्टीकल्चर गार्डन के समीप ढेकहा में संचालित हैं।

