पारिवारिक विवाद में भागवताचार्य: सम्पत्ति को लेकर प्रताड़ित करने के आरोप,पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
विश्व प्रख्यात भागवत प्रवक्ता एवं बाँके बिहारी मंदिर के गोस्वामी मृदुल कृष्ण शास्त्री पर उनके परिजनों ने गम्भीर आरोप लगाये है। भागवत प्रवक्ता के स्वर्गवासी भाइयों की पत्नी ने उन पर सम्पत्ति हड़पने की नीयत से धमकी देने व प्रताड़ित करने के आरोप मढ़े है। भाइयों की पत्नियों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

डेढ़ सौ करोड़ की सम्पत्ति का है विवाद
ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवायत परम्परा से जुड़े नामचीन भागवत प्रवक्ता मृदुल कृष्ण शास्त्री की पारिवारिक लड़ाई अब तूल पकड़ती जा रही है। विवाद भागवत मिशन ट्रस्ट व उससे जुड़ी अन्य ट्रस्ट की करीब डेढ़ सौ करोड़ की सम्पत्ति से जुड़ा है।

भागवताचार्य कर रहे मनमानी
भागवत प्रवक्ता मृदुल कृष्ण शास्त्री के दोनों छोटे भाइयों अतुल कृष्ण गोस्वामी व विपुल कृष्ण गोस्वामी का देहावसान हो चुका है। अतुल कृष्ण गोस्वामी और विपुल कृष्ण गोस्वामी की पत्नियों का आरोप हैं कि उनके पतियों के निधन के बाद जब पारिवारिक सम्पत्ति के बंटवारे की बात आई तो मृदुल कृष्ण शास्त्री ने अपने मुताबिक बंटबारा करना चाहा जिसके बाद विवाद लगातार तूल पकड़ता चला गया।
बुधवार को अतुल कृष्ण गोस्वामी की पत्नी पूजा गोस्वामी व विपुल कृष्ण गोस्वामी की पत्नी संतोष गोस्वामी ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर अपने जेठ पर कई गम्भीर आरोप लगाये। उनका कहना है कि भागवत प्रवक्ता मृदुल कृष्ण शास्त्री अपने निजी सुरक्षा कर्मियों से आये दिन उनके परिजनों को धमकियां दिलवाते है।इतना ही नही उनके गार्डों द्वारा घर की महिलाओं से अभद्रता भी की जाती है। जिसकी वीडियो रिकार्डिंग भी उनके पास मौजूद है। उनके द्वारा कई बार स्थानीय पुलिस प्रशासन से भी शिकायत की गई है।लेकिन अपने रसूख का फायदा उठाकर मृदुल कृष्ण शास्त्री शिकायत दर्ज नही होने देते है।
बाहर बहन बेटी सुरक्षित घर में नहीं
अतुल कृष्ण गोस्वामी के पुत्र करण गोस्वामी का आरोप है कि उनके ताऊजी के गार्ड बहन बेटियों से बदतमीजी करते हैं। घर के कॉमन एरिया में वह कैमरे लगवाना चाहते हैं वह नहीं लगने दे रहे। करण गोस्वामी का आरोप है कि मोदी राज में बहन बेटी बाहर सुरक्षित हैं लेकिन घर में नहीं। इस पारिवारिक विवाद के संबंध में जब मृदुल कृष्ण गोस्वामी से बात करने का प्रयास किया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।