भोपाल |मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान ताऊ ते का असर दिखने लगा है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश हुई। भोपाल के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं, मंदसौर, होशंगाबाद और कटनी में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इसके अलावा, रतलाम, गुना, उज्जैन और खंडवा में भी बारिश हुई है। होशंगाबाद में तो तूफान को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 17 और 18 मई को लोगों से घरों से ना निकलने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिक पीके शाह ने बताया, ताऊ-ते तूफान के कारण प्रदेश में नमी आ रही है, जिससे बादल बनने के साथ ही बारिश हो रही है। राजधानी में शाम को काले घने बादल छा गए। इसके बाद कुछ हिस्सों में तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी हुई। शाह ने बताया कि तूफान का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी मध्य प्रदेश में दिखेगा। इसमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और होशंगाबाद संभाग के जिलों में बारिश होने की संभावना है। यहां तेज हवा, गरज चमक के साथ मध्यम और हल्की बारिश हो सकती है। ऐसी ही स्थिति 19 मई तक बनी रहने की संभावना है।