बड़ी ख़बर

पत्नी ने दी खाने में नींद की दवा फिर  लाखों की नकदी और सोना लेकर प्रेमी के साथ भाग गई

भिंड |मध्य प्रदेश के भिंड में अवैध संबंधों के चलते घर वालों को खाने में जहर देने का मामला सामने आया है। घटना भिंड जिले के बरासों की है, जहां रेशमा नामक महिला ने सारे रिश्तों को भुलाकर अपने दो बच्चों, पति, ननद और सास-ससुर समेत 10 लोगों को खाने में नींद की दवा का हैवी डोज दिया। इसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई। सभी 10 पीड़ितों को ग्वालियर के जया आरोग्य अस्पताल (JAH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

रेशमा नाम की इस महिला की दो शादी हो चुकी हैं। जिसके साथ वह भागी है वह रिश्ते में ननदोई लगता है। रेशमा घर की अलमारी से करीब 15 तोला सोना, 3 लाख रुपए नकद भी ले गई। घटना वाली रात का जिक्र करते हुए रेशमा के पति जावेद ने बताया, ‘रेशमा ने इतने प्यार से कभी खाना नहीं खिलाया जितना शनिवार रात को खिला रही थी। उसने पूरी-सब्जी में नींद की दवा का हैवी डोज मिलाया था। खाना खाने के बाद किसी को होश नहीं था। वो हमें मौत की नींद सुलाना चाहती थी।’

ये है पूरा मामला
भिंड के बरासों निवासी 60 साल के मुंशी खान के घर में बहू रेशमा पत्नी छोटू उर्फ जावेद खान ने शनिवार रात पूरी-सब्जी बनाई थी। बिना त्योहार के पूरी-सब्जी बनने पर सभी को हैरत तो हुई , लेकिन बहू ने बनाई और प्यार से परोसी तो सभी ने खूब पेट भरकर खाना खाया। रविवार सुबह जब पड़ोस में रहने वाला जावेद का चचेरा भाई नूर मोहम्मद खान जावेद के घर पहुंचा तो अंदर देखा कि परिवार के 10 लोग बेहोश पड़े थे। बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था। इनमें रेशमा और उसका छोटा बेटा जीशान नहीं थे। नूर मोहम्मद ने तुरंत दूसरे रिश्तेदारों को बुलाकर सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया। वहां नींद की दवा का हैवी डोज देने का पता चला। हालत गंभीर थी तो तुरंत सभी 10 सदस्यों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। ग्वालियर के JAH में उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर है। घर की छानबीन की तो पता चला कि रेशमा पैसे और सोना भी ले गई है। वह अपने प्रेमी ननदोई लोहकन खान निवासी अहरोली थाना अटेर के साथ भागी है।

प्यार में बने रोड़ा तो रास्ते से हटाने की रची साजिश
35 साल की रेशमा का अपने ननदोई लोहकन खान से काफी मेल-जोल था। यह मेल-मिलाप उस समय बढ़ा जब रेशमा के पहले पति की 4 साल पहले मौत हुई। उस समय लोहकन का घर आना जाना शुरू हुआ तो दोनों के बीच एक रिश्ता पनप गया। रेशमा के मायके और ससुराल पक्ष ने उसकी शादी पहले पति के ही छोटे भाई छोटू उर्फ जावेद खान से कर दी। सोचा रेशमा के दो बच्चों का पालन-पोषण चाचा पिता बनकर करेगा। रेशमा ने उस समय तो शादी कर ली, लेकिन उसके मंसूबे कुछ और थे। जब उसके ननदोई से प्रेम का राज खुला तो घरवालों ने उसके बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। जब पूरा परिवार प्यार में रोड़ा बना तो उसने शनिवार रात सभी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

ज्यादातर समय देखती थी क्राइम इंवेस्टिगेशन सीरियल
रेशमा के बारे में पता लगा है कि वह अक्सर TV पर आने वाले क्राइम इंवेस्टिगेशन सीरियल देखती रहती थी। उसकी कहानी भी किसी सीरियल से कम नहीं थी। हो सकता है जिस तरह उसने सबको खाने में नींद की दवा मिलाकर भागने का कारनामा किया है वह किसी सीरियल की कहानी से ही सीखा हो।