बड़ी ख़बर

बारिश ने विकास की खोली पोल, सड़क के लिए शहर में मतदान का विरोध

सतना । मानसून की पहली बारिश ने सरकार और जनप्रतिनिधियों की पांच साल में शहर में किये गए विकास कार्यों की पोल खोल कर रख दी है, बारिश के मौसम में कीचड़ व पानी ने लोगों की राह रोकी तो मतदाताओं का गुस्सा फूट पड़ा है।
सतना शहर के वार्ड 21 आकाश गंगानगर पतेरी के रहवासियों ने नगरी निकाय चुनाव को बहिष्कार करने का ऐलान किया है रहवासियों का कहना है कि कृपया यहां वोट मांगने कोई भी प्रत्याशी ना आए, क्योंकि जब तक रोड नहीं तब तक वोट नहीं।

बता दें कि यहां हर घर के बाहर रोड नहीं तो वोट नहीं, पानी नही तो वोट नहीं के स्लोगन लिखकर छिपका दिए गए है। यहां के लोगों का कहा कि जब तक वार्ड में रोड नहीं बनती तब तक किसी को वोट नहीं दिया जाएगा। यह लोग पिछले साढ़े 7 साल से रोड की समस्या को लेकर तमाम जगह शिकायत कर चुके हैं।

इसके बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ, अब उन्होंने निकाय चुनाव में संबंधित प्रत्याशियों को वोट नहीं देने की ठानी है। नगरीय निकाय चुनाव के साथ ही वार्ड में स्थानीय समस्याओं को लेकर भी अब रहवासियों का गुस्सा फूटने लगा है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अब उन्होंने वोट नहीं देने की ठानी है।

यहां रहवासियों ने सड़क की समस्या को लेकर वार्ड में बैनर पोस्टर लगा दिए हैं, जिसमें लिखा है, रोड नहीं तो वोट नहीं। पिछले साढ़े 7 साल से रोड गड्ढों में तब्दील हो गई है। कई बार कमिश्नर, नगर निगम को ज्ञापन भी दे चुके हैं, लेकिन इस समस्या का कोई हल नहीं निकला।

इस क्षेत्र में करीब 2000 से अधिक लोग रहते हैं, जबकि आसपास बड़े स्कूल और कॉलेज भी हैं। बच्चे कई बार इन गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। रहवासियों का कहना है कि हर बार जो भी व्यक्ति यहां आता है, वह रोड बनाने की बात कहता है।

रोड इतनी खराब है कि दलदल में तब्दील हो गई है और जरा सी बारिश में कीचड़ भर जाता है, इसलिए अब फैसला किया गया है कि जब तक रोड नहीं बन जाती या रोड का लिखित में आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक किसी को भी वोट नहीं देंगे।