मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना-2 का किया शुभारंभ
सतना शहर में चार स्थानों पर हुआ कार्यक्रम⚡
——-
सतना 08 मई 2022/राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता के कार्यक्रम लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत प्रदेश भर की 42 लाख से अधिक लाडली बेटियों एवं उनके अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी लेकर पूरे प्रदेश में रविवार को लाडली लक्ष्मी उत्सव मनाया गया। सतना जिले में लाडली लक्ष्मी उत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम पूर्वक जिले से लेकर ग्राम स्तर तक मनाया गया।
सतना शहर में जिला स्तर पर नगर निगम क्षेत्र में 4 स्थानों चौपाटी सिविल लाइन, टाउन हॉल सेमरिया चौक, कृषि उपज मंडी और रामलीला मैदान डालीबाबा में लाडली उत्सव के मुख्य आयोजन किए गए। इसी प्रकार जनपद, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत एवं ग्राम तथा वार्ड स्तर पर की लाडली उत्सव के आयोजन हुए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम लाल परेड ग्राउंड से सायं 7 बजे से प्रदेशभर की लाडली लक्ष्मी बेटियां, उनके अभिभावकों एवं प्रदेश की जनता को संबोधित किया। राज्य स्तरीय उत्सव का लाईव प्रसारण जिले से लेकर सभी ग्राम स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के कार्यक्रम में देखा और सुना गया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम से इस अवसर पर लाड़ली लक्ष्मी-2 योजना का शुभारंभ किया। उन्होने कहा कि योजना के तहत सभी शासकीय अथवा अशासकीय महाविद्यालय में प्रवेश करने वाली प्रत्येक लाड़ली लक्ष्मी बेटी को 25 हजार रुपये की शैक्षणिक मदद दी जायेगी। महाविद्यालय में प्रवेश करने पर साढ़े 12 हजार रुपये और कॉलेज की शिक्षा पूरी करने पर साढ़़े बारह हजार रुपये की राशि नकद दो किश्तों में दी जायेगी। इसी प्रकार मेडीकल, इंजीनियरिंग, लॉ कॉलेज एवं अन्य व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाली लाड़ली लक्ष्मी बेटियों की संपूर्ण फीस सरकार द्वारा भरी जायेगी। उन्होने लाड़ली बेटियों के अभिभावकों से कहा कि वे लाड़ली बेटियों को खूब अच्छी तरह पढ़ाये-लिखायें और फीस की चिंता नहीं करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर लाडली लक्ष्मी योजना की समस्त हितग्राही बालिकाओं से सतत संवाद स्थापित करने के लिये महिला बाल विकास विभाग द्वारा विकसित कराये गये एंड्रायड एप लाड़ली ई-संवाद का शुभारंभ भी किया। उन्होने कहा कि लाडली लक्ष्मी बेटियों के सम्मान, शिक्षा एवं कल्याण के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली और बेहतर लिंगानुपात तथा महिला अपराध विहीन पंचायतों को भी पुरुस्कृत किया जायेगा।
जिला स्तर पर चौपाटी के सिविल लाईन पार्क में आयोजित लाडली उत्सव के कार्यक्रम में पूर्व महापौर ममता पांडेय, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, आयुक्त नगर निगम तन्वी हुड्डा, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष राधा मिश्रा, सदस्य रेखा सिंह, उमा श्रीवास्तव, विजय तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, सीडीपीओ अरुणेश तिवारी ने दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केवल बालिका की संतान वाले दंपत्तियों को सम्मानित किया गया और लाडली बेटियों एवं उनके अभिभावकों को टीका लगाकर तथा पुष्प वर्षा कर सम्मानित किया गया। *सेमरिया चौक स्थित टाउन हाल* में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह, सदस्य उमेश प्रताप सिंह, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा यादव, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव ने किया। इसी प्रकार *रामलीला मैदान डालीबाबा* में पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी तथा अपर कलेक्टर राजेश शाही, सीडीपीओ पुनीत शर्मा और *कृषि उपज मंडी सतना* में आयोजित लाडली लक्ष्मी के कार्यक्रम में एसडीएम सिटी सुरेश जादव तथा मनीषा सिंह प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।
