‘रामायण’ में केवट के रोल का ऑडिशन देने पहुंचे थे अरविंद त्रिवेदी, 300 लोगों को मात देकर बन गए थे ‘रावण’
टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय शो रामायण में लंकाधिपति रावण का किरदार निभा चुके एक्टर और पूर्व सांसद अरविंद त्रिवेदी का 5 अक्टूबर की देर रात निधन हो गया। लंकाधिपति रावण यानि लंकेश, का किरदार उनकी वजह से आज भी हमारी आंखों के सामने आ जाता है। रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’ में अरविंद त्रिवेदी ने रावण का जो किरदार प्ले किया था वो आज भी लोगों के जहन में है। दूरदर्शन पर 1986 में शुरू हुए इस सीरियल में रावण की भूमिका ने अरविंद त्रिवेदी को देश और दुनिया भर के टीवी दर्शकों का चहेता बना दिया।

एक ओर जहां इस इस सीरियल से एक्टर अरुण गोविल को राम के रूप में ख्याति मिली, तो वहीं एक्टर अरविंद त्रिवेदी को भी रावण के रूप में पॉपुलैरिटी मिली है। रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल के बारे में तो अक्सर यहां-वहां खबरें मिल ही जाती है, लेकिन रावण के किरदार में नजर आए अरविंद त्रिवेदी के बारे में लोग कम ही जानते हैं। वैसे, टीवी के रावण यानी अरविंद त्रिवेदी गुजरात के साबरकांठा से सांसद भी रह चुके हैं।


मध्यप्रदेश में हुआ ‘लंकेश’ का जन्म
83 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले अरविंद त्रिवेदी का जन्म मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में हुआ था। लेकिन उनका करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम हैं और गुजराती फिल्मों में एक्टिंग कर चुके हैं। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 फिल्मों में काम किया है। गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से उन्हें गुजराती दर्शकों में पहचान मिली।

300 लोगों ने दिया था रावण के लिए ऑडिशन
अरविंद त्रिवेदी ने खुलासा किया था कि उन्होंने रामायण में केवट के रोल के लिए ऑडिशन दिया था। यह ऑडिशन रामानंद सागर ने लिया था जिन्हें ऑडिशन लेते वक्त ये अहसास हो गया कि अरविंद रावण के किरदार के लिए ज्यादा परफेक्ट हैं। दरअसल, अरविंद की बॉडी लैंग्वेज से रामानंद सागर बहुत प्रभावित हुए थे इसलिए उन्होंने रावण के रोल के लिए चुना। उनसे पहले रामानंद सागर 300 लोगों का ऑडिशन रावण के किरदार के लिए ले चुके थे।