ADG जीपी सिंह के बंगले की हुई तलाशी ,IG दफ्तर से एकत्र किए गए दस्तावेज और डायरी से होगा हैंडराइटिंग का मिलान
रायपुर |जीपी सिंह के बंगले की तलाशी के बाद शुक्रवार को पुलिस की टीम शंकर नगर स्थित IG ऑफिस पहुंची। वहां से पुलिस ने जीपी सिंह के IG रहने के दौरान के कुछ दस्तावेज एकत्र किए हैं। इन दस्तावेजों पर मिली हैंडराइटिंग और IPS जीपी सिंह के घर मिली डायरी व पन्नों का मिलान किया जाएगा। इसके जरिए साजिश के मिले सबूतों को और पुख्ता करने की कोशिश होगी। वहीं एक टीम ACB के दफ्तर भी पहुंची थी।

ACB के दफ्तर से टीम ने छापे के दौरान IPS के घर से मिले पन्नों के टुकड़ों को भी हासिल किया है। अब इनकी भी बारिकी से पड़ताल होगी। जीपी सिंह पर सिटी कोतवाली थाने में राजद्रोह का केस दर्ज है। उन पर आरोप है कि वो विधायकों, अफसरों और सरकार के खिलाफ बातें डायरी में लिखकर रखते थे। ये खुलासा 1 जुलाई से 3 जुलाई तक अफसर के सरकारी बंगले में चली ACB की रेड के दौरान हुआ था।


बंगले के अंदर किए बेटे और रिश्तेदारों से पूछताछ
IPS जीपी सिंह मामले की जांच से जुड़े कुछ अफसरों ने बताया कि जब पुलिस टीम गुरुवार दोपहर उनके सरकारी घर में पहुंची तो वे वहां नहीं थे। जीपी ने पहले ही बता रखा है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वो क्वारैंटाइन रहेंगे। घर में मौजूद जीपी सिंह के बेटे से भी अफसरों ने पूछताछ की। वहां मौजूद कुछ रिश्तेदारों से भी बात की गई और तलाशी के दौरान वही पुलिस के साथ माैजूद रहे।जब खाकी वर्दी पहने इंस्पेक्टर और DSP सरकारी बंगले की तलाशी ले रहे थे तो ये देख जीपी सिंह की मां रो पड़ीं। वो इस बात से भावुक थीं कि जिस बेटे ने डिपार्टमेंट की साल 1994 से नौकरी की और आज उसी पर तरह-तरह के आरोप लगाकर पुलिस घर की इस तरह तलाशी ले रही है। पुलिस ने घर वालों के भी कुछ गैजेट जब्त किए हैं। सीपीयू और मॉनिटर भी साथ ले गई।

जीपी सिंह केस में अब तक क्या-क्या हुआ
- जीपी सिंह भारतीय पुलिस सेवा के पहले अफसर हैं, जिन पर प्रदेश में राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। ACB ने सिंह के पुलिस लाइन स्थित सरकारी बंगले पर 1 जुलाई की सुबह 6 बजे छापा मारा था।
- इसके साथ ही 15 अन्य ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई थी। करीब 68 घंटे से भी ज्यादा समय तक चली कार्रवाई के दौरान 10 करोड़ की अघोषित संपत्ति के साथ बंगले के पीछे गटर से कई डॉक्यूमेंट्स मिले थे। इन्हें ही राजद्रोह के लिए साक्ष्य माना गया है।
- छापे में शुरूआती जांच के बाद जीपी सिंह पर आय से अधिक संपत्ति मामले में FIR दर्ज की गई। पहले दिन जांच के बाद 5 करोड़ की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ। तीन दिनों तक जांच में 10 करोड़ की संपत्ति मिलने और इसके बढ़ने की आधिकारिक जानकारी दी गई।
- इनके कारोबारी मित्र प्रीतपाल सिंह चंडोक के बेडरूम से 13 लाख रुपए के बंडल।
- राजनांदगांव में चार्टर्ड अकाउंटेंट राजेश बाफना के ऑफिस से जीपी सिंह की पत्नी और बेटों के नाम 79 बीमा दस्तावेज मिले थे।
- अब पुलिस राजद्रोह केस में जांच कर रही है, ACB भ्रष्टाचार के मामले में जांच कर रही है।
- भ्रष्टाचार मामले में निलंबित ADG हाईकोर्ट से CBI जांच की मांग कर चुके हैं। इस पर जल्द ही सुनवाई होगी। हाईकोर्ट इस मामले में सरकार का पक्ष भी सुनेगी।