30 दिसंबर तक ऐसा रहेगा मौसम
रायपुर। चक्रवाती हवाओं की वजह से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव हुआ है। छत्तीसगढ़ में बे-मौसम बारिश से परेशानियां बढ़ा दी है. कोरिया, कवर्धा, रायगढ़, जांजगीर सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे है, तो वहीं सरगुजा में तो बर्फ की पूरी चादर बिछ गई है।मौसम विभाग का कहना है कि संघनन क्रिया की वजह से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है. मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलो में झमाझम बारिश हो रही है। तेज बारिश के साथ-साथ ओले भी गिर रहे हैं. सरगुजा, कवर्धा और जांजगीर जिले के कई स्थानों में भारी ओलावृष्टि हुई है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से उत्तर तेलंगाना तक विदर्भ होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में 1.5 किलोमीटर तक स्थित है. इस वजह से राज्य के मौसम में बदलाव हुआ है।
कल हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 29 दिसंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में गरज चमक के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। प्रदेश में कुछ पैकेट में मध्यम से घना कोहरा सुबह में बनने की प्रबल संभावना है।
अधिकतम तापमान में होगी गिरावट
प्रदेश में बुधवार को अधिकतम तापमान में गिरावट होगी, जबकि न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।इसके साथ उत्तर छत्तीसगढ़ के कई स्थानों में ओले गिर सकते है। वहीं नमी की वजह से घना कोहरा भी छाया रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि सरगुजा के सभी जिले बिलासपुर,पेण्ड्रा, मुंगेली और कोरबा में बारिश की संभावना है।बारिश की वजह से इन इलाकों में तापमान में भी गिरावट होगी।