फर्जी फेसबुक ID बनाकर लगाते थे सुंदर युवतियों की फोटो, फिर बायोडेटा मंगवाकर ठगते
कोटा ।कोटा की नयापुरा थाना पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्य शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। पिछले साल भर से कोटा में इन्होंने ठगी का नेटवर्क संचालित कर रखा था। आज तलवंडी इलाके में एक और ब्रांच का उद्घाटन होना था। उससे पहले ही ठगी के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने 3 लड़कों व 5 लड़कियों को पकड़ा है। इनके पास से 1 लेपटॉप,18 मोबाइल,व 1 रजिस्टर जब्त किया है। आरोपी अब तक लाखों रुपए की ठगी कर चुके है। पुलिस इनके खातों की डिटेल खंगाल रही है।

एडिशनल एसपी भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि ठगी का नेटवर्क चलाने के लिए मास्टरमाइंड में मैरिज ब्यूरो खोल रखा था। इसमें बकायदा कॉल सेंटर संचालित होता था। यहां काम करने वाली लड़कियां फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए लोगों को फंसाती थी। सभी आरोपी कीपैड मोबाइल को यूज करते थे। इनमें फर्जी आईडी से खरीदी गई सिम का इस्तेमाल करते थे।
कॉल सेंटर पर काम करने वाली महिलाएं फेसबुक आईडी पर शादी के इच्छुक लड़के और लड़कियों को कॉल करती। फिर वॉट्सऐप पर इनका बायोडाटा मंगवाती। फिर उस बायोडाटा से मिलता हुआ फर्जी बायोडाटा तैयार कर, उसी को वापस भेज देती। बायोडेटा में किसी का भी सुंदर फोटो एडिट करके भेजती। बायोडेटा देखकर सामने वाली पार्टी झांसे में आ जाती। फिर ये जालसाज रजिस्ट्रेशन के नाम पर इच्छुक लड़के-लड़कियों से अपने अकाउंट में 2 से 21 हजार रुपए जमा करा लेते थे। उसके बाद में फोन उठाना बंद कर देते। पूछताछ में पता चला कि लोगों से ठगे गए रुपए 7 ब्रांचों में जाता था। आरोपियों के पास मिले रजिस्टर में विदेशी लोगों के नम्बर भी मिले है।


ये आए पकड़ में
गिरफ्तार गिरोह का मास्टरमाइंड प्रणय कुमार शर्मा (23) बलदेव सहाय पथ,थाना कदमकुआ तहसील, जिला पटना, बिहार का रहने वाला है। वहीं राकेश कुमार (24) सकर लोहार थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा बिहार का निवासी है। दोनों आरोपी वर्तमान में कोटा के जवाहरनगर थाना क्षेत्र के तलवंडी इलाके में रहते है। पुलिस ने पुरुषोत्तम (22) बरखेड़ा कला, थाना बकानी, जिला झालावाड़, नेहा शर्मा (23) सिविल लाइन दोस्तपुरा,इप्तिसम (23) मेन मार्केट छावनी, अलका शर्मा (30) निवासी मंडाना, सिमरन (19) आफताब मदरसे के सामने कर्बला,थाना कोतवाली व पूजा वशिष्ठ (29) महावीर नगर विस्तार योजना के रहने वाले हैं।