बड़ी ख़बर

फर्जी पुलिस अफसर का कारनामा : जॉब लगवाने के बहाने 3 लाख के गहने-नकदी लिए और भाग गया

ग्वालियर |ग्वालियर में फर्जी पुलिसकर्मी ने जॉब दिलाने का झांसा देकर BA सेकेंड ईयर की स्टूडेंट से करीब 3 लाख रुपए के गहने ठग लिए। यही नहीं, आरोपी ने 12200 रुपए भी ऐंठ लिए। नौकरी और पैसे नहीं मिले, तो छात्रा ने परिजनों को बताया। पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है। इसके बाद गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। घटना 20 अगस्त दोपहर की है।

गोला का मंदिर नारायण विहार कॉलोनी की रहने वाली 20 वर्षीय युवती मुरार के वीआरजी गर्ल्स कॉलेज से BA सेकेंड ईयर की छात्रा है। काफी समय से वह जॉब तलाश रही थी। कुछ समय पहले ही उसे पड़ोसी अनीता शर्मा ने अजय उर्फ रिंकू शर्मा नाम के युवक से पहचान कराई। रिंकू ने खुद को मध्य प्रदेश पुलिस में एएसआई बताया था। साथ ही कहा था कि पुलिस विभाग में उसकी काफी चलती है। वह विभाग में उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसके बाद छात्रा अजय के चक्कर में पड़ गई। उसने बायो डाटा भी दे दिया। आरोपी ने बताया था कि उसकी बड़ी बहन भोपाल में आईपीएस है।

फिर ठगे रुपए और गहने
रिंकू ने बताया कि सरकारी जॉब तो मिल रही है, उसके लिए रुपए खर्च होंगे। उसने छात्रा को बातों में फंसा लिया। छात्रा ने उसे 20 अगस्त 2021 को मां का 6 तोला सोना, एक किलो 400 ग्राम चांदी व 12200 रुपए नकद दे दिए। यह गहने और रुपए छात्रा से आरोपी ने कॉलोनी के गेट पर ही लिए थे।

cg

इसके बाद न तो छात्रा की जॉब लगवाई और न ही गहने लौटाए। छात्रा ने कई बार मांगे, पर युवक टालता रहा। परेशान होकर छात्रा ने यह बात माता-पिता को बताई। युवती ने पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने रिंकू उर्फ अजय शर्मा व अनीता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

बाद में असलियत सामने आई
ठगी करने वाले अजय उर्फ रिंकू शर्मा खुद को मध्य प्रदेश पुलिस में बतौर ASI पदस्थ होना बताया था। पर जब उसके ठगी करने का पता लगा तो छात्रा के पिता ने पता किया। इस नाम का कोई भी ASI ग्वालियर में पदस्थ नहीं है। छात्रा के सामने कई बार वह वर्दी में आया था। जब उसके बारे में जानकारी जुटाई गई तो वह फर्जी पुलिस वाला निकला।

7 से 8 लड़कियों को ठग चुका है
आरोपी के बारे में पता लगा है कि वह 7 से 8 लड़कियों को इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठग चुका है। वह अक्सर कई लड़कियों से बात करता था। सभी को नौकरी के नाम पर ठगता था। अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने वर्दी कहां से खरीदी।

जांच की जा रही है
मामले में ASP शहर राजेश डंडोतिया का कहना है कि एक छात्रा को जॉब लगवाने का झांसा देकर युवक ने गहने और नकदी लिए हैं। न तो नौकरी लगवाई न ही गहने लौटा रहा है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी भी बताया है। मामला दर्ज कर लिया है जांच की जा रही है।