बड़ी ख़बर

दुर्ग में उद्योगपति के खिलाफ मामला दर्ज

7 महीने पहले क्रशर मशीन में फंस कर महिला का हाथ हुआ था खराब, कंपनी के संचालक पर उपचार नहीं कराने का आरोप

दुर्ग |छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रसमड़ा सार्थक मेटल कंपनी में काम करने वाली एक महिला का दाहिना हाथ क्रशर में फंसने से खराब हो गया। महिला की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने कंपनी के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना 7 महीने पहले की है।

cg

अंजोरा चौकी प्रभारी देवशरण सिंह ने बताया कि यह घटना 19 अक्टूबर 2020 की है। सार्थक मेटल कंपनी में रसमड़ा निवासी महिला मजदूर पार्वती सिन्हा अपने पति के साथ काम कर रही थी। क्रशर मशीन में कच्चा माल डालते समय उसका हाथ फंस गया। मशीन को रोक कर उसे बचाया गया। तत्काल अस्पताल ले गए। लेकिन इस हादसे में उसके दाहिने हाथ का पंजा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। महिला की शिकायत है कि वह अपने दाहिने हाथ से कुछ काम नहीं कर पाती है।

चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला का आरोप है कि घटना के बाद कंपनी के मालिक अनूप कुमार बंसल ने उसका इलाज नहीं कराया। महिला के पति ने कर्ज लेकर अस्पताल का बिल चुकाया। दंपती पर तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी है। अब इस जिम्मेदारी को पूरा करने में परेशानी आ रही है।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ऑफिसर की रिपोर्ट
अंजोरा चौकी प्रभारी देवशरण सिंह ने यह भी बताया कि मामले में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ऑफिसर से रिपोर्ट मांगी गई थी। उन्होंने अपनी जांच में बताया कि बिना सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए मजदूर महिला से काम लिया जा रहा था। सुरक्षा से संबंधित लापरवाही हुई है। इसका अलावा उस समय मॉनिटरिंग करने वाले अन्य संबंधित अधिकारियों पर भी अपराध कायम किया जाएगा।