ब्रेकिंग न्यूज़ -महाराष्ट्र में भीड़ का पुलिस पर हमला
अहमदनगर में होटल के बाहर जमा थे 100 से ज्यादा लोग, हटाने गए पुलिसकर्मी को घेरकर पीटा; जान बचाकर भागना पड़ा
अहमदनगर |महाराष्ट्र के अहमदनगर में भीड़ ने एक पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। यहां होटल के बाहर शाम के समय भीड़ जमा थी, जिसे दंगा नियंत्रण दल (RCP) का पुलिसकर्मी हटाने गया था। भीड़ के हमले के बाद पुलिसवाला किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा। घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला अहमदनगर के संगमनेर इलाके का है। बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए शहर में धारा 144 लगाई गई है। इस बीच गुरुवार शाम दिल्ली नाके के पास एक होटल में 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई। RCP जवान ने भीड़ को वहां से जाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत दी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। किसी तरह वहां से भागकर जवान ने अपनी जान बचाई। बताया गया कि कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी की। इस घटना में पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई हैं। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है।


पुलिस अधीक्षक मनोज पाटिल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 15 नामजद और 100 आरोपियों के खिलाफ संगमनेर पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 335, 332, 337, 143, 147, 269 के तहत केस दर्ज किया है। अभी तक 5 लोगों की गिरफ्तारी की गई है, बाकि के आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।