पत्नी के फोन पर बात करने से नाराज़ पति ने एक हाथ एक पैर काट डाला
शराबी पति की हैवानियत, डॉक्टरों ने साढ़े छह घंटे की सर्जरी कर हाथ जोड़ा
भोपाल । चरित्र पर शक के चलते निशातपुरा में एक वहशी पति ने शराब के नशे में पत्नी के बाएं हाथ की कलाई और पैर का पंजा काट दिए। लहूलुहान हाल में महिला को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम ने साढ़े छह घंटे की जटिल सर्जरी के बाद महिला का हाथ जोड़ दिया। जबकि, पैरे के कटे हुए पंजे को नहीं जोड़ा जा सका, लेकिन संक्रमण न फैले इसलिए पैर के मांस को बढ़ाकर टांके लगाए गए हैं। करीब 48 घंटे बाद पता चलेगा कि जोड़ने के बाद महिला का हाथ ठीक से काम कर रहा है या नहीं। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है। हाथ-पैर कटे होने के बाद भी महिला ने साहस दिखाया, जिससे वह सदमे में जाने से बच गई।


आरोपित पति प्रीतम सिंह ने पत्नी पर मंगलवार रात 11:30 बजे हमला किया था। पुलिस ने महिला को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की टीम ने खून का बहाव रोकने का जतन किया। खून की कमी पूरी करने के लिए छह यूनिट खून चढ़ाया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आइडी चौरसिया के निर्देश पर जूनियर डॉक्टरों ने खून के अलावा सर्जरी के लिए अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की। रात तीन बजे से ऑपरेशन शुरू हुआ जो सुबह 6:30 बजे तक चला।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला का हाथ कटने के साथ ही कलाई में फ्रैक्चर भी है। हाथ की हड्डी टूटते हुए कटी थी। मांसपेशियां भी फट गई थीं। इस वजह से जोड़ने में बहुत मुश्किल हो रही थी। पैर की भी यही स्थिति थी।
सर्जरी करने वाली टीम में कार्डियक सर्जरी विभाग के डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. शिव सागर मांडिल्य, हड्डी विभाग के डॉ. वैभव जैन, बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी के डॉ. हरिशंकर और एनेस्थीसिया की टीम में डॉ. शिखा मेहरोत्रा, डॉ. राजकुमार और डॉ. वंदना पाण्डेय शामिल थे।