30 जनवरी को होनी है इस मामले पर अंतिम सुनवाई
बिलासपुर ( दबंग प्रहरी समाचार)। बिलासपुर प्रेस क्लब से जुड़े प्रकरण में तटस्थ रुख अपनाने और यथास्थिति बनाए रखने के निर्णय के लिए हम पत्रकार साथी माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह निर्णय प्रेस क्लब से जुड़े सभी पक्षों के लिए संतुलित और दूरदर्शी प्रतीत होता है।
उल्लेखनीय है कि फर्म एवं संस्थाएं, रायपुर (छत्तीसगढ़) के रजिस्ट्रार द्वारा 19 सितंबर 2025 को लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुए चुनाव को एकतरफा रूप से रद्द करने का आदेश जारी किया गया था। यह आदेश बिना सुनवाई, बिना किसी इलेक्शन पिटिशन और बिना जांच के पारित किया गया। उक्त आदेश के विरुद्ध हमने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत की है, जो वर्तमान में लंबित है। इस अपील पर 30 जनवरी 2026 को अंतिम सुनवाई निर्धारित है।
इस बीच, अपील लंबित रहते हुए कराए गए चुनाव में विजयी उम्मीदवारों द्वारा शपथ ग्रहण के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी से समय मांगा गया था। किन्तु प्रेस क्लब बिलासपुर से जुड़े विवाद को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री जी द्वारा यथास्थिति बनाए रखने का जो निर्णय लिया गया, वह प्रशंसनीय और न्यायोचित है।
पत्रकार साथियों ने किया मुख्यमंत्री से आग्रह

जब तक रजिस्ट्रार के आदेश के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक सरकार और प्रशासन द्वारा तटस्थ रहना ही सभी पक्षों के हित में होगा। हमें न्यायिक प्रक्रिया पर पूर्ण विश्वास है और उसके बाद जो भी अंतिम निर्णय आएगा, उसे हम सम्मानपूर्वक स्वीकार करेंगे।
कानूनी लड़ाई के उपरांत स्थिति स्पष्ट होने पर हम स्वयं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को आमंत्रित कर बिलासपुर प्रेस क्लब में उनका स्वागत करेंगे।