ऑनलाइन ठगी और आर्थिक तंगी को बताया कारण
पंजाब के पटियाला में पूर्व इंस्पेक्टर जनरल (IG) अमर सिंह चहल ने अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बनी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से 12 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने आर्थिक तंगी और ऑनलाइन ठगी का हवाला दिया है।

सुसाइड नोट में अमर सिंह चहल ने लिखा कि ऑनलाइन ठगों ने उनसे 8 करोड़ रुपये की ठगी की है, जिसके कारण वह लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। उन्होंने DGP पंजाब से अपील की है कि इस ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए। सुसाइड नोट के अंत में उन्होंने लिखा कि अब उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा है और उन्होंने ‘गुड बाय सर’ लिखकर नोट समाप्त किया।
इसके अलावा, अमर सिंह चहल फरीदकोट (कोटकपूरा) फायरिंग मामले में भी आरोपी हैं, जिसमें 2015 में तीन लोगों की मौत हुई थी। इस मामले की चार्जशीट 24 फरवरी 2023 को कोर्ट में दाखिल की गई थी और यह मामला अब भी हाई कोर्ट और फरीदकोट जिला कोर्ट में लंबित है।
पटियाला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अमर सिंह चहल की हालत गंभीर है और डॉक्टर उनकी जान बचाने में लगे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और स्थिति में सुधार होने पर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल परिवार और दोस्तों के बयान रिकॉर्ड किए जा रहे हैं।