मध्य प्रदेश से सामने आया दलित युवक के साथ बर्बरता का मामला
भिंड में तीन युवकों पर दलित ड्राइवर को बंधक बनाकर मारपीट और जबरन पेशाब पिलाने का आरोप लगा है। पीड़ित अस्पताल में भर्ती है। दो आरोपी पकड़े गए, एक फरार है। कलेक्टर और एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जांच में तेजी के निर्देश दिए।
भिंड [ दबंग प्रहरी समाचार ] । मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक दलित युवक के साथ अमानवीय बर्ताव का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने एक दलित ड्राइवर को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की, शराब पिलाई और जबरन पेशाब पिलाने की घृणित हरकत की। पीड़ित को गंभीर हालत में मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा और एडिशनल एसपी संजीव पाठक अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

ग्वालियर से अपहरण कर भिंड लाया गया पीड़ित
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है और पहले दतावली गांव के सोनू बरुआ की बोलेरो चलाता था। कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था और ग्वालियर के दीनदयाल नगर स्थित अपने ससुराल में रहने लगा था। सोमवार रात सोनू बरुआ, दतावली निवासी आलोक पाठक और भिंड का छोटू ओझा ग्वालियर पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठाकर सुरपुरा गांव ले आए।