बड़ी ख़बर

मानव तस्करी और लुटेरी दुल्हन रैकेट का इंदौर में पर्दाफाश

            इंदौर के अलावा अन्य राज्यों से  गिरोह के तार जुड़े होने का संदेह 

इंदौर [ दबंग प्रहरी समाचार ]। मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लुटेरी दुल्हन और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त था। इस मामले में पुलिस ने पहले नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें छह महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। अब ताजा कार्रवाई में दो और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से एक सोनू नामक महिला है, जो एक बच्चे की मां बताई जा रही है।

पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार मध्य प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस के अनुसार, सोनू ने अपने दो महीने के बच्चे को तीन लाख रुपये में इस गिरोह को बेचने की डील की थी। दूसरी गिरफ्तार महिला भी इस रैकेट का हिस्सा थी। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह सामाजिक कार्यों की आड़ में फर्जी शादियां करवाने और बच्चों की तस्करी जैसे अपराधों को अंजाम दे रहा था। गिरोह के सदस्य शादी के नाम पर धोखाधड़ी करते थे और मौका पाकर दूल्हे के परिवार से नकदी व आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। इसके अलावा, यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से बच्चों को खरीदकर नि:संतान दंपतियों को मोटी रकम में बेचने का काम करता था।