(दबंग प्रहरी समाचार) बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिले के तीन नगर पंचायत भिंभौरी, कुसमी और बेरला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने जन आशीर्वाद मांगा। साव ने कहा कि, भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनता और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिख रहा है। तीनों नगर पंचायतों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने भिंभौरी में लोगों को संबोधित कर जनता से अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप परगनिहा जी एवं 15 पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। वहीं नगर पंचायत कुसमी में भाजपा प्रत्याशी संतोष कुमार साव के समर्थन में आमसभा कर लोगों से विकास कार्यों के लिए पार्टी को मौका देने का आग्रह किया। भाजपा ने कुसमी को नगर पंचायत बनाया है, और भाजपा ही संवारने का काम करेगी।

