126 दिन बाद महाराष्ट्र में 8 हजार से ज्यादा केस मिले; हर दिन नए मरीजों के मामले में भारत फिर चौथे नंबर पर पहुंचा
नई दिल्ली |देश में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। खासतौर पर महाराष्ट्र में अब रिकॉर्ड मामले आने शुरू हो गए हैं। यहां बुधवार को 126 दिन बाद ये पहला मौका था, जब 24 घंटे के अंदर 8 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को यहां 8807 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके पहले 21 अक्टूबर को 8,142 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

भारत फिर से दुनिया का चौथा देश, जहां सबसे ज्यादा केस मिल रहे
हर दिन मिलने वाले मरीजों के मामले में भारत एक बार फिर से दुनिया का चौथा सबसे संक्रमित देश हो गया है। एक हफ्ते पहले तक इस मामले में भारत टॉप-10 देशों की सूची से भी बाहर था, लेकिन मरीजों की रफ्तार बढ़ते ही ये चौथे नंबर पर पहुंच गया। यहां हर दिन 13 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए जा रहे हैं।

पहले नंबर पर अमेरिका है, जहां 70 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील है जहां, 60 हजार से ज्यादा मरीज पाए जा रहे। फ्रांस में अभी हर दिन 20 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं।
28 दिन में पहली बार 24 घंटे के अंदर 16 हजार से ज्यादा मामले मिले
देश में बुधवार को 16 हजार 886 लोग संक्रमित पाए गए। 28 दिन बाद में पहली बार था, जब 24 घंटे में 16 हजार से ज्यादा संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। इसके पहले 28 जनवरी को सबसे ज्यादा 18 हजार 912 लोग संक्रमित पाए गए थे। इसी के साथ अब मरीजों की संख्या 1 करोड़ 10 लाख 46 हजार पहुंच गई है।
इनमें 1 करोड़ 7 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 48 हजार 691 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 1 लाख 56 हजार 742 मरीजों की मौत हो गई है।