बड़ी ख़बर

कस्टमर केयर के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी गिरफ्तार

रायपुर [दबंग प्रहरी]। देशभर में कस्टमर केयर के नाम पर ठगी करने वाला झारखंड का गिरोह पकड़ा गया है। रायपुर पुलिस ने झारखंड में छापा मारकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक खाते की व्यवस्था करते हैं। उसी खाते में ठगी का पैसा जमा होता है। खाता किराये पर देने वालों को 20-20 हजार कमीशन दिया जाता है। खातेदारों की तलाश करने वाले इन आरोपियों को जितने की ठगी होती है, उसका 15 प्रतिशत हिस्सा मिलता है।

पुलिस के छापे की खबर मिलते ही गिरोह का सरगना फरार हो गया है। उसकी तलाश में एक टीम वहीं कैंप किए हुए है।पुलिस अफसरों ने बताया कि झारखंड देवघर निवासी भोला रवानी (30) गिरोह का अहम सदस्य है। वह ऐसे खातों की व्यवस्था करता है, जिसमें ठग पैसे ट्रांसफर करते हैं। खाते की व्यवस्था करने के साथ ही भोला पैसा निकालता भी है।

cg

उसने कमीशन पर रांची के जितेंदर लोहरा, देवनारायण पाहन और अतुल तिर्की को रखा था। तीनों आरोपी 20-20 हजार रुपए में खाता की व्यवस्था करते हैं। आरोपियों ने 50 से खातों की व्यवस्था की है। ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए जिन लोगों के खाते लिए गए हैं उनकी पासबुक, एटीएम सब उनके पास है, जिसमें ठगी का पैसा जमा हो रहा था। आरोपियों ने 10 राज्यों के 34 से ज्यादा लोगों से ठगी की है।

ऐसे करते हैं ठगी
गिरोह का मास्टर माइंड भोला रवानी के गांव का रहने वाला है। जैसे ही पुलिस ने भोला के घर छापा मारा, वह भाग गया। मास्टर माइंड ने अपना नंबर गुगल में कस्टमर केयर के नाम से अपलोड किया है। उसमें फोन करने वाले को वह झांसे में लेता है। उनसे कुछ पैसे ऑनलाइन जमा कराकर खाते में सेंध लगाता है।

जैसे ही खाते में पैसा आता था उसे भोला तुरंत निकाल लेता या फिर दूसरे खाते में ट्रांसफर कर देता था ताकि पैसे देने वालों काे अगर शक हो और वे पैसे वापस लेने की कोशिश करें तो उन्हें कुछ न मिले। इसी वजह से लोगों को पैसा वापस नहीं मिल पाता है। पुलिस को पड़ताल के दौरान अहम जानकारी मिली है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।