बड़ी ख़बर

मकान में लगी भीषण आग, बर्तन छोड़कर सारा सामान जलकर खाक

आग से घर में करीब 5 लाख रु. रुपए का नुकसान,करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

भिलाई दुर्ग |छत्तीसगढ़ के भिलाई चरोदा 3  में बुधवार को एक मकान में भीषण आग लग गई। इसके चलते मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक फायरकर्मी भी घायल हो गया। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है। आग से करीब 5 लाख रुपए का सामान जलने का अंदेशा जताया गया है।

cg

जानकारी के मुताबिक, चरोदा बस्ती स्थित एक मकान में बुधवार सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। इस पर किसी ने फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर एक दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। बस्ती में सकरा रास्ता होने की वजह से और घर में घुसने का रास्ता नहीं होने के कारण फायरकर्मियों ने छत पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान पता चला कि दो सिलेंडर भी अंदर रखे हुए हैं।

पुलिस को आग लगने के बारे में जानकारी नहीं
फायरकर्मी किसी तरह अंदर दाखिल हुए और दोनों सिलेंडरों को मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर लाए। इसी बीच एक फायरकर्मी नागेश मारकंडे के ऊपर खपरा और शीट गिर पड़ी। जिसके चलते वह घायल हो गया। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तब तक बर्तन छोड़कर सबकुछ जलकर खाक हो चुका था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है।