बड़ी ख़बर

कोर्ट परिसर में मारपीट,भिड़े दो पक्ष : 3 लोग हुए लहूलुहान

परिवार में जमीन को लेकर चल रहा विवाद

सिंगरौली [दबंग प्रहरी]। सिंगरौली जिला न्यायालय बैढ़न परिसर में शनिवार को एक ही परिवार दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। यह विवाद डिस्ट्रिक्ट जज की बैंच के गेट के सामने हुआ। इसमें एक पक्ष के एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा विवाद

दरअसल, सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र पडरी खूंटा टोला निवासी राजेंद्र बंसल और उसके परिजन जमीनी विवाद के केस को लेकर शनिवार दोपहर जिला न्यायालय पहुंचे थे। न्यायालय में दूसरा पक्ष राम विसाले, पंकज, रामधीन से कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार है और पुश्तैनी जमीन को लेकर दोनों में विवाद चल रहा है।

जमानत के लिए कोर्ट पहुंचा था राजेंद्र बंसल

cg

बताया जा रहा है कि राजेंद्र बंसल से राम विसाले का जमीनी विवाद चल रहा है। राम ने थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में जमानत लेने के लिए राजेंद्र बंसल और उसके परिजन जिला न्यायालय पहुंचे थे। दूसरे पक्ष से भी राम विसाले सहित पंकज और अन्य लोग कोर्ट पहुंच गए।

राम विसाले नहीं चाहता था कि राजेंद्र और उसके परिजन को जमानत मिले। इसी बात को लेकर न्यायालय परिसर में ही विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला करने लगे। घटना के एक पक्ष के 3 लोग (राजेंद्र बंसल (29), बासमती बंसल (46) और रामललन बसोर (35)) घायल हो गए है।

जज के सामने हुआ हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि न्यायालय परिसर में जज के सामने ही हंगामा, गाली-गलौच चलता रहा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद मारपीट में बदल गया था। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, दोनों पक्षों के तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है।

जमानत की बात को लेकर हुआ विवाद

कोतवाली टीआई अरुण पांडेय ने बताया कि न्यायालय परिसर में जमानत न होने देने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में डंडों और पत्थरों से वार होने लगा। दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए है।